Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निजी सचिव रहे शक्ति सिन्हा का दिल्ली में निधन

    By Mangal YadavEdited By:
    Updated: Mon, 04 Oct 2021 03:33 PM (IST)

    पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ काम चुके सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी शक्ति सिन्हा का निधन हो गया है। वह 64 वर्ष के थे। शाम को लोधी रोड स्थित शमशान घाट में उनका अंतिम संस्कार होगा किया जाएगा।

    Hero Image
    सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी शक्ति सिन्हा का निधन। सौ. परिजन

    नई दिल्ली [आशीष गुप्ता]। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निजी सचिव रहे सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी शक्ति सिन्हा का सोमवार को निधन हो गया। वह 64 वर्ष के थे। लोधी रोड स्थित शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार किया गया। आइपी एक्सटेंशन के आदिति अपार्टमेंट में रहने वाले शक्ति सिन्हा रविवार रात तक ठीकठाक थे। सोमवार सुबह वह समय पर नहीं उठे, तो उनके स्वजन उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर गए। वहां डाक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शक्ति सिन्हा का जन्म 11 मई 1957 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ था। वह 1979 बैच के आइएएस अधिकारी थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के वह काफी करीब थे। वर्ष 1998 से 2000 के बीच वह उनके निजी सचिव रहे थे। उन्होंने दिल्ली के ऊर्जा सचिव के रूप में भी काम किया था।

    सेवानिवृत्ति के बाद भी शक्ति सिन्हा कई संस्थाओं में सेवाएं दे रहे थे। वर्तमान में वह संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कन्फेडरेशन के महानिदेशक थे।

    दिल्ली विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट आफ एमिनेंस के दिल्ली स्कूल आफ पब्लिक पालिसी एंड गवर्नेंस के निदेशक भी थे। इसके अलावा वह वडोदरा की एमएस यूनिवर्सिटी में अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट आफ पालिसी रिसर्च एंड इंटरनेशनल स्टडीज के निदेशक पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पूर्व में वह नेहरू स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय के निदेशक रहे थे।

    वह दैनिक जागरण के हिंदी हैं हम अभियान से आरंभिक दिनों से जुड़े रहे। शक्ति सिन्हा लेखन कार्य भी करते थे। उन्होंने वर्ष 2020 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को लेकर वाजपेयी : द इयर्स दैट चेंज्ड इंडिया किताब लिखी थी।

    इससे पहले वर्ष 2019 में उन्होंने नेहरू स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय के सीनियर फेलो प्रो. हिमांशु रॉय के साथ मिलकर लोह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को लेकर पटेल : पालिटिकल आइडियाज एंड पालिसीज किताब लिखी थी। 

    उनके परिवार में उनकी पत्नी सुरभि सिन्हा, बेटी सुहासिनी सिन्हा और बेटा कार्तिकेय सिन्हा हैं। सुरभि सिन्हा सेवानिवृत्त आइआरएस अधिकारी हैं। शक्ति सिन्हा के पिता शिवाजी सिन्हा देश के पहले बैच के आइपीएस अधिकारी थे।

    राष्ट्रपति के प्रेस सचिव अजय सिंह ने ट्वीट कर शक्ति सिन्हा के निधन पर दुख व्यक्त किया है। ट्वीट में उन्होंने लिखा कि जीवन कितना नाजुक है। कल ही उनसे मुलाकात हुई थी, जिसमें लंबी और समृद्ध बातचीत हुई थी अब वह नहीं रहे।