'दिल्ली में जनता को मिलेंगी वर्ल्ड क्लास स्वास्थ्य सेवाएं', साकेत में बोले भाजपा सांसद बिधूड़ी
भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी और विधायक गजेंद्र यादव ने साकेत में आयुष्मान आरोग्य केंद्र का लोकार्पण किया। बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। केजरीवाल सरकार पर आयुष्मान भारत योजना को लागू न करने का आरोप लगाया। दिल्ली सरकार ने इस योजना में पांच लाख रुपये की अतिरिक्त सुविधा दी है जिससे अब 10 लाख तक का मुफ्त इलाज संभव है।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा है कि अब दिल्ली में जन स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है और आने वाले दिनों में दिल्ली की जनता को वर्ल्ड क्लास स्वास्थ्य सेवाएं मिलने लगेंगी।
दक्षिणी दिल्ली सांसद बिधूड़ी और महरौली विधायक व डीडीसी चेयरमैन गजेंद्र यादव ने शनिवार को साकेत में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया। सांसद ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली में दस साल तक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रखा।
आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा अपनी संकीर्ण राजनीति के कारण लागू नहीं होने दी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने सबसे पहले इस योजना को लागू किया।
10 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज
अन्य राज्यों में इस योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज होता है, लेकिन दिल्ली सरकार ने अपनी ओर पांच लाख रुपए तक की और सुविधा देकर यह राशि 10 लाख रुपए कर दी है। अब तक दिल्ली में 4 लाख 37 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं और 3564 लोग इस कार्ड से अपना मुफ्त इलाज करा चुके हैं।
दिल्ली में एक हजार से अधिक आयुष्मान जन आरोग्य केंद्र खोले जा रहे हैं। इसके अलावा चार अधूरे पड़े अस्पतालों और एक दर्जन से अधिक अन्य अस्पतालों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इस तरह दिल्लीवालों को अब इलाज के लिए कहीं भटकने की आवश्यकता नहीं होगी।
विधायक गजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि महरौली विधानसभा में कुल 15 आयुष्मान आरोग्य केंद्रों के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली है, जिनमें से पहला केंद्र आज जनता को समर्पित कर दिया गया है। उन्होंने इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में एक ऐतिहासिक पहल बताया।
इस अवसर पर डीएम लक्षय सिंघल, निगम पार्षद ममता यादव सहित दीपिका मोटवानी, रविन्द्र वर्मा, देवेंद्र सेजवाल, सुनील सनसनवाल, अजित डबास, पवन चौधरी, कुलदीप मलिक (डीडीसी प्रतिनिधि) उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।