Bharat Jodo Yatra in Delhi: लाल किला पहुंची भारत जोड़ो यात्रा, राहुल बोले- भारत को जोड़ना यात्रा का लक्ष्य
कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली पहुंच चुकी है। दिल्ली के बदरपुर सीमा पर उनका जोरदार स्वागत किया गया है। इस यात्रा मे कई नेता शामिल हुए। यात्रा को लेकर यातायात प्रभावित है।

नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) लाल किला पहुंच गई है। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यात्रा का लक्ष्य भारत को जोड़ना है, नफरत को भारत से मिटाने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
लाल किला पर राहुल गांधी के साथ अभिनेता कमल हासन और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी हैं। कमल हासन और खरगे ने सभा को तमिल भाषा में संबोधित किया। यात्रा में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ है। राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए लोग बेताब हैं।
'कहीं नहीं है कोरोना'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से बीजेपी खौफ में है और कोविड का बहाना निकाल रही है। कहीं कोई कोविड नहीं है। किसी को कुछ नहीं हुआ। पीएम मोदी खुद मास्क नहीं पहनते हैं। यह सब लोगों में डर पैदा करने और इस यात्रा को तोड़ने के लिए किया जा रहा है।
क्या बोले कमल हासन?
अभिनेता कमल हासन ने कहा कि कई लोग मुझसे पूछते हैं कि मैं यहां क्यों हूं। मैं यहां एक भारतीय के तौर पर हूं। मेरे पिता कांग्रेसी थे। मेरी अलग-अलग विचारधाराएं थीं और मैंने अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी शुरू की लेकिन जब देश की बात आती है, तो सभी राजनीतिक दलों की लाइनें धुंधली हो जाती हैं। मैंने उस लाइन को धुंधला कर दिया और यहां आ गया।
भारत जोड़ो यात्रा ने बदरपुर बॉर्डर की ओर से तड़के सुबह दिल्ली में प्रवेश किया था। इस यात्रा में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल भी हुईं। लाल किले पर राहुल गांधी सभा को संबोधित करने के बाद यात्रा राष्ट्रीय स्मृति स्थल भी पहुंचेगी। राहुल गांधी दोपहर बाद निजामुद्दीन दरगाह पहुंचे, जहां उन्होंने चादर चढ़ाई। राहुल गांधी का राजघाट जाने का कार्यक्रम रद्द हो गया।
#WATCH | Congress MP Rahul Gandhi visits Hazrat Nizamuddin Aulia Dargah as 'Bharat Jodo Yatra' marches ahead in Delhi. pic.twitter.com/quhWQXfwBd
— ANI (@ANI) December 24, 2022
कांग्रेस के दिल्ली इकाई प्रमुख अनिल चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बदरपुर में दिल्ली की सीमा पर राहुल गांधी और यात्रियों का स्वागत किया। यात्रा ने हरियाणा में फरीदाबाद की ओर से दिल्ली में प्रवेश किया है।
#WATCH | Celebrations underway as Congress's Bharat Jodo Yatra enters national capital Delhi. pic.twitter.com/dvTISH5VKD
— ANI (@ANI) December 24, 2022
कई नेता हुए शामिल
यात्रा में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, रणदीप सुरजेवाला, शक्तिसिंह गोहिल सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। इस दौरान कांग्रेस की ओर से कहा गया कि महंगाई, बेरोजगारी और नफरत को दूर करना चाहिए। भारत की इस आवाज को लेकर हम राजा के सिंहासन पर आ गए हैं, हम दिल्ली आ गए हैं। आइए इसे और भी ऊंचा उठाने के लिए हमारे साथ दें।
दिल्ली में कहां तक जाएगी यात्रा
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इससे पहले ट्वीट किया था कि भारत जोड़ो यात्रा अपने 108वें दिन दिल्ली में प्रवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से वहां बेचैनी बढ़ गई है। यात्रा सुबह 11 बजे राष्ट्रीय राजधानी में आश्रम चौक पर रुकेगी और दोपहर 1 बजे यात्रा फिर से शुरू होगी।
रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले इन मार्गों से बचें
दिल्ली पुलिस और कांग्रेस की खींचतान के चलते शनिवार सुबह से ही आधी दिल्ली में यातायात व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में बदरपुर से लाल किले तक लोगों को विभिन्न सड़कों पर यातायात जाम का भी सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट की ओर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।