दिल्ली में सरकार गठन की प्रक्रिया तेज, PM मोदी के वतन वापसी से पहले ताबड़तोड़ बैठक; क्या बोले BJP नेता
राजधानी दिल्ली में बीजेपी सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। भाजपा के संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने शुक्रवार देर शाम प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा चुनाव सह प्रभारी अतुल गर्ग प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा के साथ बैठक की। बताया जा रहा है कि 21 या 22 फरवरी तक नई सरकार गठित हो जाएगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अमेरिका से वापस लौटने के पहले शुक्रवार देर शाम भाजपा के संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, चुनाव सह प्रभारी अतुल गर्ग, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा के साथ बैठक की।
बताया जा रहा है कि 21 या 22 फरवरी तक नई सरकार गठित हो जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह व अन्य नेताओं की कई बैठक हो चुकी है। नड्डा दिल्ली के कई विधायकों से भी अलग-अलग मिल चुके हैं। प्रधानमंत्री से चर्चा के बाद सरकार गठन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
संकल्प पत्र में विकसित दिल्ली का वादा
आठ फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित हुए थे। भाजपा को 70 में से 48 सीटें मिली है। पार्टी 27 वर्ष बाद विधानसभा चुनाव में जीत प्राप्त की है। प्रधानमंत्री सहित अन्य नेताओं और पार्टी के संकल्प पत्र में विकसित दिल्ली का वादा किया गया है। महिलाओं को प्रति माह 2500 रुपये देने, आय़ुष्मान योजना लागू करने, यमुना की साफ कर रिवर फ्रंट बनाने सहित कई वादे किए गए हैं। इन वादों को पूरा करने के लिए योग्य और अनुभवी लोगों को मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी।
मंत्रियों में विभन्न वर्गों और लोकसभा का रखा जाएगा ध्यान
मंत्रियों के चयन में विभिन्न वर्गों और लोकसभा क्षेत्र का भी ध्यान रखा जाएगा। प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता, रेखा गुप्ता, शिखा राय, सतीश उपाध्याय, अजय महावर, पवन शर्मा, मोहन सिंह बिष्ट सहित कई लोगों के नाम मुख्यमंत्री पद के लिए चर्चा में है। आशीष सूद, जितेंद्र महाजन, मनजिंदर सिंह सिरसा, अरविंदर सिंह लवली, रविंद्र इंद्रराज, अभय वर्मा, कैलाश गहलोत के नाम मंत्री की दौड़ में शामिल बताया जा रहा है।
जल्द होगी पर्यवेक्षकों की नियुक्ति
राजौरी गार्डन के विधायक और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, प्रधानमंत्री अपने विदेश दौरे से वापस आ रहे हैं और जल्द पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। उसके बाद भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। शपथ ग्रहण समारोह के बाद 20 फरवरी तक नई सरकार का गठन हो जाएगा। लक्ष्मी नगर सीट से दूसरी बार विधायक चुने गए अभय वर्मा ने कहा, मुख्यमंत्री पद के लिए कोई होड़ नहीं है।
आयुष्मान भारत योजना पहली बैठक में लागू
भाजपा में विधायकों की बैठक में मुख्यमंत्री या विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाता है। भाजपा लोगों की सेवा करने के प्रण के साथ सत्ता में आई है। दिल्ली के विकास, स्वच्छ जल आपूर्ति और स्वच्छ हवा, यमुना की सफाई और दिल्लीवासियों की समस्याएं हल करने के लिए सभी विधायक काम करेंगे। भाजपा विधायकों ने कहा, प्रधानमंत्री के वादे के अनुसार आयुष्मान भारत योजना को नई सरकार की पहली कैबिनेट में दिल्ली में लागू किया जाएगा।
छठी बार विधायक चुने गए मोहन सिंह बिष्ट ने कहा, दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का चुनाव 48 भाजपा विधायकों में से किया जाएगा। मुस्तफाबाद के विधायक बिष्ट ने इस विधानसभा क्षेत्र का नाम बदलकर शिव विहार या शिव पुरी करने के अपने प्रस्ताव को भी दोहराया। कहा, इस क्षेत्र में 58 प्रतिशत हिंदू हैं। लोगों की भावना का सम्मान होना चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।