Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Chunav: 'शीशमहल जनता को दिए धोखे का बड़ा उदाहरण', PM मोदी ने AAP सरकार पर और क्या उठाए सवाल?

    Updated: Wed, 22 Jan 2025 08:34 PM (IST)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर तीखे हमले बोले। उन्होंने शीशमहल को जनता से धोखे का जीवंत साक्ष्य बताया और दिल्ली में पेयजल समस्या यमुना की सफाई सहित अन्य मुद्दों को उठाकर आप सरकार को कठघरे में खड़ा किया। मोदी ने कहा कि आपदा वाले रोज कोई न कोई घोषणा करते हैं। यह उनकी हार का डर है।

    Hero Image
    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार पर तीखे हमले बोले। उन्होंने शीशमहल को जनता से धोखे का जीवंत साक्ष्य बताया और दिल्ली में पेयजल समस्या, यमुना की सफाई सहित अन्य मुद्दों को उठाकर आप सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब में घोषणा के तीन वर्ष बाद भी महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपये नहीं देने का उदाहरण देकर आप की महिला सम्मान योजना पर प्रश्न खड़े किए। आप के साथ ही उन्होंने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। कहा, दिल्ली में 25 वर्षों से बने गड्ढे को पांच वर्षों में भरना है। यहां के लोग दिल्ली को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी देना चाहते हैं।

    बूथ कार्यकर्ताओं से किया संवाद 

    नमो एप के माध्यम से मोदी ने दिल्ली के बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद किया। कहा, दिल्लीवासी अब आपदा वालों के झूठ का नकाब उतार रहे हैं। पानी की समस्या, टूटी हुई सड़कें, सीवर ओवर फ्लो, गंदगी व अन्य समस्याओं से लोगों में नाराजगी है। आपदा वाले नारे लगवाते हैं कि फिर आएंगे तो जनता जवाब देगी वो फिर खाएंगे।

    11 वर्षों से आपदा को भुगत रहे दिल्ली के लोग

    विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने के लिए दिल्ली को आपदा से मुक्त करना होगा। यहां के लोग पहले 15 वर्षों तक कांग्रेस को और लगभग 11 वर्षों से आपदा को भुगत रहे हैं। बेंगलुरु, गुरुग्राम, नोएडा, सोनीपत सहित अन्य शहरों की अलग पहचान बन गई है। लेकिन, दिल्ली की पहचान अभी भी केंद्र सरकार और भारत की राजधानी के रूप में है।

    दिल्लीवासियों की निराशा दूर कर उनकी आशा के अनुरूप दिल्ली को बनाने के लिए डबल इंजन की और पड़ोसी राज्यों व केंद्र सरकार के साथ बेहतर तालमेल रखने वाली सरकार चाहिए।

    कैग रिपोर्ट में है घोटाले की सच्चाई 

    उन्होंने कहा, जनलोकपाल के नाम पर सत्ता में आने वाले इसे न तो दिल्ली में लागू किया और न पंजाब में। कभी कैग रिपोर्ट दिखाकर कांग्रेस के नेताओं के भ्रष्ट बताते थे। अब पिछले चार वर्षों से अपनी सरकार के विरुद्ध कैग रिपोर्ट छिपा रहे हैं। शराब घोटाला, शीशमहल व आपदा सरकार के अन्य घोटाले की सच्चाई कैग रिपोर्ट में है। भाजपा की सरकार बनने पर सबसे पहले कैग रिपोर्ट विधानसभा में पेश किया जाएगा।

    उन्होंने कहा, आपदा वाले रोज कोई न कोई घोषणा करते हैं। यह उनकी हार का डर है। आपदा वाले 11 वर्षों से 50 हजार से अधिक तैयार मकान गरीबों को नहीं दिए। क्योंकि इनका ध्यान सिर्फ शीशमहल बनाने पर था। महात्मा गांधी का सिद्धांत ट्रस्टीशिप का है। चुने हुए लोग सरकारी खजाने के ट्रस्टी हैं लेकिन, आपदा वाले इसके मालिक बन गए हैं।

    मध्यम वर्ग को दीं सिर्फ समस्याएं

    कहा ये लोग पूर्वांचल के लोगों से नफरत करते हैं यही कारण है कि कोरोना महामारी के समय उन्हें भागने पर मजबूर कर दिया था। उन्होंने कहा, आपदा वालों ने मध्यम वर्ग को सिर्फ समस्याएं दी हैं। भाजपा मध्यम वर्ग को देश की आर्थिक विकास की रीढ़ मानती है। उनके जीवन को आसान बनाने के लिए केंद्र सरकार काम कर रही है।

    केंद्र सरकार करती है पैसा खर्च 

    दिल्ली में मेट्रो का विस्तार, हाईवे का जाल बिछाया जा रहा है। दिल्ली के टॉप टेन में से अधिकतर भारत सरकार के अस्पताल हैं। स्कूल व विश्वविद्यालय पर केंद्र सरकार पैसा खर्च करती है। आपदा वालों को अपने हिस्से का पैसा गलियों में सीवर में, पार्क बनाने में, स्वच्छता, पार्किंग में लगाना चाहिए था लेकिन उन्होंने एक भी दायित्व दिल्ली में नहीं निभाया।

    उन्होंने भाजपा की सरकार आने पर दिल्ली में केंद्र की पीएम सूर्य घर योजना लागू कर सोलर पैनल लगाने के लिए 78 हजार रुपये देने और घर-घर साफ पानी पहुंचाने का महा अभियान शुरू करने का वादा किया।

    उन्होंने कहा, पांच साल पहले यमुना की सफाई नहीं करने पर वोट नहीं देने की बात करने वाले अब कहते हैं कि इससे वोट नहीं मिलता है। कहा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा सहित अन्य राज्यों में महिलाओं से किए गए वादे के अनुसार उन्हें आर्थिक सहायता की जा रही है।

    वहीं, वादा करने के बाद भी आपदा वालों ने पंजाब में तीन वर्षों में एक पैसा नहीं दिया। दिल्ली में भी पहले एक हजार देने की घोषणा कर नहीं दिया। अब उसमें वृद्धि करने की बात कर रहे हैं। दुनिया का यह पहला मॉडल है जो हवा में घोषणा करता है और झूठ बोलता है।

    मोदी ने कहा, ई-रिक्शा वालों को भी ऑटो चालकों की तरह सुविधा मिलेगी

    राजेंद्र नगर विधानसभा के कार्यकर्ता चैतन्य कुमार पांडेय ने प्रधानमंत्री के सामने ई-रिक्शा वालों को भी ऑटो चालकों की तरह सुविधाएं देने की मांग की। मोदी ने उनकी बात सुनकर भाजपा के संकल्प पत्र में ऑटो चालकों के लिए किए गए वादे में ई-रिक्शा वालों को भी शामिल करने की घोषणा की।

    यह भी पढे़ं- कुलदीप सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से राहत के साथ बड़ी चेतावनी, नहीं करवाया ऑपरेशन तो करना होगा सरेंडर

    कहा, दिल्ली के ई-रिक्शा वालों को यह मोदी की गारंटी है। भाजपा के संकल्प पत्र में ऑटो चालकों को 10 लाख का जीवन बीमा, पांच लाख का दुर्घटना बीमा, वाहन बीमा में छूट और बच्चों की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति देने का वादा किया गया है। दिल्ली में लगभग डेढ़ लाख ई पंजीकृत ई-रिक्शा है।

    यह भी पढे़ं- वाह गजब! अब 'गन्ने के रस' से चलेंगे वाहन, इथेनॉल करेगा कमाल; Auto Expo में लॉन्च हुई हुंडई क्रेटा