दिल्ली में ऑनलाइन गेमिंग में हुई दोस्ती के बाद 2 नाबालिग लड़कियों ने छोड़ा घर, पुलिस ने सोनीपत से किया बरामद
दिल्ली के छावला इलाके से दो नाबालिग लड़कियां लापता हो गईं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 12 घंटे के भीतर उन्हें सोनीपत से ढूंढ निकाला। जांच में पता चला कि ऑनलाइन गेम के दौरान एक किशोर लड़के से दोस्ती होने के बाद वे उसके झांसे में आकर वहां चली गई थीं। पुलिस ने लड़कियों को बरामद कर उनके परिवार को सौंप दिया।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। छावला थाना पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप के तहत दो लापता किशोरियों को 12 घंटे के भीतर ढूंढ निकाला। ये लड़कियां ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान दोस्त बने एक किशोर के झांसे में आकर दिल्ली स्थित घर से सोनीपत चली गई थीं।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तकनीकी जांच की मदद से इनकी लोकेशन का पता किया और इन्हें बरामद कर स्वजन के हवाले कर दिया।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 23 अगस्त को तड़के छावला थाना इलाके से दो नाबालिग लड़कियों के गायब होने की शिकायत मिली। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी और भतीजी अचानक घर से लापता हो गईं हैं।
शिकायत मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए छावला थानाा पुलिस ने एक स्पेशल टीम बनाई। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकार्ड और सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। इस दौरान पता चला कि दोनों लड़कियों की एक किशोर लड़के से ऑनलाइन गेम वी प्ले पर मुलाकात व दोस्ती हुई थी।
उसी लड़के ने उन्हें झांसे में लेकर सोनीपत बुला लिया। पुलिस ने तत्काल छापेमारी की और 12 घंटे के अंदर लड़कियों को सुरक्षित ढूंढ निकाला। बरामद होने के बाद दोनों नाबालिग लड़कियों को मेडिकल प्रक्रिया पूरी कराकर स्वजन को सौंप दिया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।