Delhi Weather: इस पूरे हफ्ते दिल्लीवालों को खूब भिगोएगी बारिश; जमकर गरजेंगे बादल; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट
दिल्ली में मानसून के आगमन के साथ ही मौसम खुशनुमा हो गया है। रविवार से सोमवार की सुबह तक 14 मिमी बारिश दर्ज की गई जिससे तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश का अनुमान जताया है। जून में सामान्य से 45% ज्यादा बारिश हुई जिससे हवा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में मानसून पहुंचने के बाद दूसरे दिन भी हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हुई। इस वजह से रविवार सुबह साढ़े आठ बजे से सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे के बीच दिल्ली में 14 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान लोधी रोड में सबसे अधिक 17.3 मिलीमीटर व पालम में 16.2 मिलीमीटर वर्ष हुई।
वहीं सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच आया नगर में सबसे अधिक 20 मिलीमीटर वर्षा हुई। इस वर्षा के बाद दिल्ली अधिकतम तापमान सामान्य से 6.8 डिग्री नीचे आया गया। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले छह से सात दिनों तक हल्की वर्षा का दौर जारी रहेगा।
मंगलवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे। गर्जन व बिजली चमकने के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो पिछले दिन के मुकाबले 2.8 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री और पिछले दिन के मुकाबले 2.8 डिग्री सेल्सियस कम है। एक दिन पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस था।
जून में 45 प्रतिशत अधिक हुई वर्षा
दिल्ली में इस बार जून में 107.1 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो सामान्य (74.1 मिलीमीटर) से 45 प्रतिशत अधिक है। पिछले वर्ष जून में 243.4 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। इससे पहले वर्ष 2017 में जून में 191.9 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। इसके बाद आठ वर्षा में इस बार जून में दूसरा सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।
वर्ष 2023 में जून माह में 101.7 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। ऐसे में लगातार तीन वर्षों से जून में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। वर्षा होने से हवा भी साफ हो गई है। सोमवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 65, गाजियाबाद का 55, ग्रेटर नोएडा का 62, गुरुग्राम का 51 व नोएडा का 64 रहा। इससे पूरे दिल्ली और एनसीआर में हवा की गुणवत्ता संतोषजनक रही।
दिल्ली के विभिन्न इलाकों में दर्ज अधिकतम व न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस) और रविवार सुबह साढ़े बजे से सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे के बीच 24 घंटे में और सुबह साढ़े आठ से शाम पांच बजे के बीच दर्ज वर्षा (मिलीमीटर में)
जगह | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) | 24 घंटे में वर्षा (मिमी) | सुबह 8:30 के बाद वर्षा (मिमी) |
---|---|---|---|---|
सफदरजंग | 30.6 | 24.0 | 14.0 | 0.0 |
पालम | 31.2 | 24.0 | 16.2 | 14.4 |
आयानगर | 30.6 | 25.2 | 9.9 | 20.0 |
लोधी रोड | 30.4 | 23.2 | 17.3 | 0.0 |
रिज एरिया | 29.4 | 21.8 | 12.7 | 1.0 |
नजफगढ़ | 31.8 | 25.9 | 8.0 | 4.0 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।