Delhi Weather: दिल्ली में अगले छह दिन कैसा रहेगा मौसम का हाल? IMD ने कर दिया सब कुछ साफ
Weather Update दिल्ली में अगले छह दिनों तक तेज वर्षा की संभावना नहीं है लेकिन तापमान में वृद्धि के आसार भी नहीं हैं। हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। वायु गुणवत्ता संतोषजनक बनी हुई है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली।Delhi weather forecast: मौसमी उतार चढ़ाव के बीच दिल्ली में अगले छह दिन तेज वर्षा का पूर्वानुमान नहीं है। इसके बावजूद तापमान में वृद्धि होने के आसार भी नहीं हैं। बादलों की लुकाछिपी के बीच हल्की फुहारों से तापमान सामान्य के आसपास या उससे नीचे ही बना रहेगा। अलबत्ता, उमसभरी गर्मी का सामना अभी भी करना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से भी राजधानी में कहीं कोई खास उल्लेखनीय वर्षा नहीं हुई है। बादल छाते भी हैं तो हल्की वर्षा तक सिमटकर रह जाते हैं। मौसम विभाग की मानें तो बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी दिल्ली के इलाकों में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।
इन दोनों ही दिन आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही देखे जाने और हल्की वर्षा या फुहारें पड़ने का अनुमान है। दोनों ही दिन अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं नौ और 10 को दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गर्जन वाले बादलों के साथ हल्की वर्षा या फुहारें पड़ सकती हैं।
इन दोनों ही दिन अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। 11 और 12 अगस्त को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की वर्षा या फुहारें पड़ने का अनुमान है। इन दोनों दिन अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकार्ड किया जा सकता है।
इस बीच बुधवार को बादलों लुकाछिपी के बीच धूप भी निकली और उमस भी बनी रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक 34.8 डिग्री जबकि न्यूनतम सामान्य से 0.8 डिग्री कम 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हवा में नमी का स्तर 85 से 60 प्रतिशत दर्ज किया गया। वर्षा कहीं नहीं हुई।
दूसरी तरफ मौसम की मेहरबानी से राजधानी की वायु गुणवत्ता लगातार साफ ही चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक बुधवार को दिल्ली का एक्यूआई 91 दर्ज किया गया।
इसे संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के शहरों का एक्यूआई भी कहीं संतोषजनक तो कहीं मध्यम श्रेणी में ही बना हुआ है। हाल फिलहाल इसमें वृद्धि होने की संभावना भी नहीं लग रही।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।