बेटी से जबरन दोस्ती पर अड़े मनचलों का विरोध पिता को पड़ा भारी, जिंदगी और मौत की जंग लड़ने को मजबूर
दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में एक व्यक्ति पर दो लड़कों ने चाकू से हमला कर दिया क्योंकि उसने उनकी बेटी को परेशान करने का विरोध किया था। आरोपियों ने लड़की पर दोस्ती का दबाव बनाया था। घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की हालत गंभीर बनी हुई है।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बेटी पर दोस्ती करने का दबाव बना रहे पड़ोस में रहने वाले दो लड़कों का विरोध करना पिता को काफी महंगा पड़ा। दोनों आरोपितों ने पिता के सीने, पेट और हाथ पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल पिता को पास के अस्पताल में ले जाया गया। जहां हालत गंभीर देख स्वजन ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित के बयान के आधार पर राज पार्क थाना पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हमला करने वाले युवकों की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक 35 वर्षीय पीड़ित पत्नी, तीन बेटी और एक बेटे के साथ सुल्तानपुरी इलाके में रहते हैं। वह दिल्ली जलबोर्ड में संविदा पर गाड़ी चलाते हैं। राजपार्क पुलिस को दिए बयान में पीड़ित ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी स्कूल में पढ़ती है।
उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले बेटी ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला दो लड़के स्कूल आते-जाते समय रास्ते में परेशान करते हैं। उसे लगातार फोन और मैसेज कर दोस्ती करने के लिए कहते हैं। इस बात की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने उन लड़कों को बेटी को परेशान नहीं करने के लिए कहा।
ऐसा करने पर थाने में शिकायत करने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि 30 अगस्त की रात आठ बजे वह फ्रेंड्स एन्क्लेव के पास से घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। एक ने उनको पकड़ा और दूसरे ने चाकू से सीने, पेट और हाथ पर हमला कर दिया।
वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपित वहां से भाग गए। कुछ राहगीरों ने उन्हें अपनी बाइक पर बिठाकर मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी अस्पताल लेकर गए। वारदात की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे परिवार वालों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जहां काफी खून बिखरा हुआ था। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को बुलाकर वहां का निरीक्षण करवाया।
उसके बाद पुलिस टीम संजय गांधी अस्पताल पहुंची। जहां पता चला कि हालत गंभीर देखकर डाॅक्टरों ने उन्हें अन्य अस्पताल में रेफर कर दिया है। पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज किया।
पीड़ित की पत्नी ने कहा कि पति की हालत बिगड़ती जा रही है। अब उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पत्नी ने बताया कि उनके ससुर की पहले ही मौत हो चुकी है। 75 वर्षीय सास की तबीयत खराब है, इस वारदात की जानकारी मिलते ही उन्हें भी हर्ट अटैक आ गया। अब उनका भी इलाज अस्पताल में चल रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।