दिल्ली में एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान की शुरुआत, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा - 2070 तक नेट जीरो करने का है लक्ष्य
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान की शुरुआत की। इसका उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और 2070 तक नेट जीरो लक्ष्य प्राप्त करना है। स्कूलों को 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। इको क्लब पोर्टल और माइक्रोसाइट भी लॉन्च किया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली: अगली पीढ़ी को 2070 के नेट जीरो लक्ष्य और 207 तक सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में प्रेरित करना होगा। यह तभी संभव होगा जब हम प्रकृति से वैसा ही रिश्ता जोड़ें, जैसा मां से होता है।
यह बात केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को गोल मार्केट स्थित पीएम श्री केवी स्कूल में एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान के शुभारंभ के दौरान कही।
प्रधान ने बताया कि बीते वर्ष स्कूलों ने पांच करोड़ पौधे लगाए थे, इस वर्ष इनकी संख्या 10 करोड़ तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
ईको फाॅर मिशन लाइफ वेब पोर्टल और माइक्रोसाइट की लाॅन्च
उन्होंने सभी से अपील की कि अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाकर उसकी सेल्फी ईको क्लब पोर्टल पर अपलोड करें।
उन्होंने इस दौरान एक पेड़ मां के नाम 2.0 माइक्रोसाइट, विशेष माड्यूल और ईको क्लब फार मिशन लाइफ वेब पोर्टल लांच किया, जो देशभर के 14.7 लाख स्कूलों में ईको क्लब गतिविधियों को ट्रैक करेगा।
वहीं, मिशन लाइफ के तहत स्कूलों में बनाए गए इको क्लब छात्रों को पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियों के प्रति जागरूक बनाएंगे।
भारतीय परंपरा हमेशा प्रकृति के साथ सामंजस्य की बात करती है
राज्य मंत्री डाॅ. सुकांत मजूमदार ने कहा कि भारतीय परंपरा हमेशा प्रकृति के साथ सामंजस्य की बात करती है, जबकि पाश्चात्य सोच प्रकृति पर विजय की।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 की दिशा में पर्यावरणीय चेतना भी उतनी ही जरूरी है जितनी आर्थिक प्रगति।
दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि भावनात्मक और वैज्ञानिक प्रशिक्षण का अवसर भी है।
सभी स्कूल 29 जुलाई 2025 से पहले बनाएंगे ईको क्लब
स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार ने मिशन लाइफ के सात प्रमुख विषयों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी स्कूल 29 जुलाई 2025 से पहले ईको क्लब बनाएं।
ये क्लब एक तरह से यह नई शिक्षा नीति की पांचवीं वर्षगांठ का प्रतीक बनेंगे। उन्होंने कहा कि लाॅन्च हुआ वेब पोर्टल ईको क्लब की गतिविधियों को रिकार्ड करेगा।
देश के 14.7 लाख से अधिक स्कूलों को एक अलग डैशबोर्ड मिलेगा जिसमें वे गतिविधियों की जानकारी अपलोड कर सकेंगे। यह पोर्टल बहुभाषी है।
यह भी पढ़ें: मानसून से पहले एक्शन में दिल्ली सरकार, मंत्री प्रवेश वर्मा ने 15 जून तक नालों को साफ करने के दिए निर्देश
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।