Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली के स्वरूप नगर में गाली देने पर दोस्तों ने ही की चाकू से गोदकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

    Updated: Sat, 20 Sep 2025 10:40 PM (IST)

    दिल्ली के स्वरूप नगर में मामूली कहासुनी के बाद दोस्तों ने 26 वर्षीय देवेंद्र की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है जबकि मुख्य आरोपित फरार है। मृतक के घर में एक महीने बाद शादी थी और वह परिवार का पालन पोषण करता था। इस घटना से पूरे परिवार में मातम का माहौल है।

    Hero Image
    स्वरूप नगर में अपशब्द बोलने पर युवक के पेट में चाकू गोदकर की हत्या

    जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। स्वरूप नगर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद में अपशब्द बोलने पर दोस्तों ने ही युवक के पेट में चाकू गोदकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।

    पुलिस ने हत्या की धारा समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वारदात के छह घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार क लिया है।

    वहीं, मुख्य आरोपी फरार है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय देवेंद्र के रूप में हुई है। देवेंद्र परिवार के साथ स्वरूप नगर के खड्डा कालोनी में रहता था। जो फूल माला बेचने का काम करता था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि शुक्रवार रात 11:40 बजे स्वरूप नगर थाना पुलिस को बाबू जगजीवन राम अस्पताल से एक युवक को चाकू मारे जाने के बाद भर्ती कराए जाने की जानकारी मिली।

    सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। पता चला कि घायल देवेंद्र को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। पुलिस को पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना लोअर जीटीके रोड स्थित एंट्री गेट पिकेट के पास हुई है।

    जहां देवेंद्र और उसके चार दोस्त पवन, विकास, अविनाश और रोहित बातचीत कर रहे थे। जहां देवेंद्र का विकास के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। उस समय आसपास मौजूद लोगों ने इनका बीचबचाव कर दिया।

    दोबारा विकास अपने सभी साथियों के साथ आया। तभी विकास के कहने पर उसके दोस्त पवन ने देवेंद्र के पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू लगते ही वह वहीं गिर पड़ा। घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी भाग गए। स्थानीय लोगों ने घायल देवेंद्र को बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया।

    सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़े गए बदमाश

    पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करने के बाद थाना प्रभारी आलोक कुमार रंजन के नेतृत्व में एक टीम गठित कर हमलावरों की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर उनके भागने की दिशा में तलाश शुरू की।

    पुलिस टीम ने रात में ही आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस ने घटना के छह घंटे बाद तीन आरोपियों खड्डा काॅलोनी निवासी रोहित, स्वरूप नगर निवासी अविनाश और जेजे काॅलाेनी निवासी पवन को गिरफ्तार कर लिया।

    चाकू व खून से सने कपड़े किए बरामद

    पुलिस ने पवन के कब्जे से खून से सना चाकू, कपड़े और अन्य साक्ष्य जब्त किए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बातचीत के दौरान मृतक ने विकास को अपशब्द कह दिया था, जिसकी वजह से उन लोगों ने उसकी हत्या कर दी।

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपी श्रमिक हैं। इनपर पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। जबकि विकास पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस विकास की तलाश कर रही है।

    मृतक के घर में चल रही थी शादी की तैयारी

    जानकारी के मुताबिक एक महीने बाद ही देवेंद्र के घर में उसकी छोटी बहन की शादी है, जिसको लेकर तैयारी चल रही थी। पूरा पूरा खुश था। देवेंद्र ही समय-समय पर शादी की खरीदारी के लिए बाजार जाते थे।

    शादी की पूरी जिम्मेदारी देवेंद्र के ही कंधे पर थी। हाल ही उन्होंने शादी के लिए जगह की बुक कराई थी। पूरे परिवार का पालन पोषण करने की जिम्मेदारी मृतक युवक देवेंद्र पर ही पर था। इस हादसे के बाद से पूरे परिवार में मातम का माहौल है।

    यह भी पढ़ें- यूईआर-2 मुंडका-बक्करवाला टोल पर पुलिस बल तैनात, अल्टीमेटम खत्म; अब ग्रामीण कर सकते हैं चक्का जाम