विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Weather: बादलों की लुकाछिपी के बाद बरसे इंद्रदेव, IMD ने बताया कैसा रहेगा अगले दिन का मौसम

Published: Mon, 21 Jul 2025 10:57 PM (IST)

दिल्ली में सोमवार को दिन भर बादल छाए रहे और शाम को बारिश हुई जिससे गर्मी से राहत मिली। मौसम ...और पढ़ें

शाम को एकाएक छाई काली घटा, कहीं तेज तो कहीं हुई हल्की वर्षा।
शाम को एकाएक छाई काली घटा, कहीं तेज तो कहीं हुई हल्की वर्षा।

HighLights

  1. दिल्ली में शाम को हुई बारिश से राहत |
  2. मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट |
  3. दिल्ली की वायु गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में |

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को दिन भर बादलों की लुकाछिपी चली तो शाम को एकाएक काली घटा छा गई। यलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया। इसके साथ ही कहीं तेज तो कहीं हल्की वर्षा शुरू होने लगी। इससे उमस भरी गर्मी में भी कमी देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं।

सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री कम 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 86 से 73 प्रतिशत रिकार्ड किया गया।

भारत मंडपम में 2.2 मिमी बारिश दर्ज

जहां तक वर्षा का सवाल है तो रात साढ़े आठ बजे तक पालम और लोधी रोड में बूंदाबांदी, रिज क्षेत्र में 29.6 मिमी, भारत मंडपम में 2.2 मिमी और नरेला में 0.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने मंगलवार को हल्की वर्षा के साथ आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 32 और 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'संतोषजनक' श्रेणी में दर्ज

इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार शाम चार बजे दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'संतोषजनक' श्रेणी में दर्ज की गई। दिल्ली का एक्यूआइ 93 रहा। हाल फिलहाल इस श्रेणी में बदलाव की संभावना नहीं है।

यह भी पढ़ें- उद्योगों की दशा बदलने के लिए दिल्ली सरकार ला रही नई औद्योगिक नीति, आम जनता से मांगे गए सुझाव