दिल्ली में सनसनीखेज वारदात, घर में सो रहे युवक की गला रेतकर हत्या; दोस्त पर ही मर्डर का आरोप
बाहरी दिल्ली के होलंबी कलां में एक युवक सुनील मंडल की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृतक के दोस्त की तलाश शुरू कर दी है जिस पर हत्या का आरोप है। सुनील बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला था और वेटर का काम करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। होलंबी कला स्थित अपने घर में सो रहे एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतक के ही एक दोस्त पर है। नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने हत्या की धारा में मामला दर्ज कर आरोपित का पता लगा रही है। मृतक की पहचान सुनील मंडल के रूप में हुई है। जो बिहार के जिला दरभंगा का रहने वाला था।
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि रविवार की सुबह 7:40 बजे एनआईए थाना पुलिस को एक व्यक्ति के शव के बारे में सूचना मिली, जिसके शरीर पर गंभीर चोटें थीं। मेट्रो विहार फेज-2 घटनास्थल एक घर में पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि करीब 30 वर्ष का एक व्यक्ति अपने किराये के घर में बिस्तर पर मृत पड़ा था। मृतक का गला कटा हुआ था।
शादी समारोहों में करता था कैटरर्स के साथ वेटर का काम
पुलिस ने इसकी जानकारी क्राइम टीम और एफएसएल को दी। सूचना पर पहुंची टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक की पहचान सुनील मंडल, निवासी गांव रामपति, जिला दरभंगा बिहार के रूप में हुई है। जो शादी समारोहों में कैटरर्स के साथ वेटर का काम करता था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच में पता चला कि शनिवार की रात करीब 10 बजे सुनील अपने एक दोस्त के साथ खुद के घर पर आया। जहां सुनील ने अपने दोस्त के साथ बैठकर शराब पी। आशंका है कि दोस्त ने ही सुनील की हत्या कर फरार हो गया हो।
सुनील का शव उसके ही कमरे में बेड पर पड़ा मिला
घटनास्थल से शराब की बोतलें भी मिली है। रविवार की सुबह सुनीत का एक दूसरा दोस्त जब उसके घर पर पहुंचा, तो पाया कि सुनील का शव उसके ही कमरे में बेड पर पड़ा है। जिसका गला रेता हुआ था। आसपास काफी खून भी था। इसकी सूचना उसने पुलिस को दी।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि एफएसएल टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही सीसीटीवी फुुटेज से पुलिस आरोपित का पता लगाने में जुटी हुई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।