दिल्ली में दस साल बाद सबसे ठंडा रहा जुलाई का महीना, ज्यादातर दिन सामान्य से नीचे था अधिकतम तापमान
दिल्ली में जुलाई 2025 का मौसम पिछले दस सालों में सबसे ठंडा रहा। इस महीने में औसत अधिकतम तापमान 2016 के बाद सबसे कम दर्ज किया गया साथ ही सामान्य से अधिक वर्षा हुई। सफदरजंग वेधशाला में 14 दिन बारिश रिकॉर्ड की गई। विशेषज्ञों के अनुसार लगातार वर्षा और हवा की दिशा में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट आई।

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। 2025 में जुलाई महीना एक दशक में सबसे ठंडा रहा है। माह का औसत अधिकतम तापमान 2016 के बाद सबसे कम दर्ज किया गया है। वहीं माह के ज्यादातर दिन अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे ही रहा है।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग पर जुलाई में वर्षा वाले 14 दिन रिकार्ड हुए हैं। माह भर में कुल वर्षा सामान्य 209.7 मिमी के मुकाबले 235.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। यह 35.5 मिमी अधिक है।
अब अगर तापमान की बात करें तो अतिरिक्त वर्षा के कारण इस माह राजधानी के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। माह का औसत अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 2016 (34.5 डिग्री) के बाद सबसे कम है।
मतलब बीच बीच में उमस भरी गर्मी के बावजूद जुलाई का महीना पिछले 10 साल में सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान पांच साल के दौरान सबसे कम रहा है। इस साल जुलाई का औसत न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस है जो 2021 (26.5 डिग्री) से भी कम है।
बुधवार को भी जारी रहा कहीं हल्की, कहीं तेज वर्षा आ दौर
बुधवार को भी दिल्ली में कहीं हल्की तो कहीं थोड़ी तेज वर्षा का दौर जारी रहा। बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री कम 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 100 से 79 रहा।
जहां तक वर्षा का सवाल है तो सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक सफदरजंग में 15.0 मिमी, पालम में 28.3 मिमी, लोधी रोड पर 7.7 मिमी, रिज में बूंदाबांदी, आयानगर में 1.6 मिमी, पूसा में 12.5 मिमी, नजफगढ़ में 3.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल दिल्ली में अगले कुछ दिन तेज कहीं हल्की तो कहीं थोड़ी तेज वर्षा की संभावना बनी रहेगी।
बृहस्पतिवार को भी सामान्यतया बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने और बिजली चमकने की भी संभावना है। हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने के आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 31 और 24 डिग्री रह सकता है।
2016 से लेकर 2025 तक किस जुलाई में कितना रहा औसत अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2016 34.5 27.2
2017 35.3 27.6
2018 35.6 27.4
2019 36.3 27.6
2020 36.2 26.7
2021 36.5 26.5
2022 35.7 27.0
2023 34.8 26.7
2024 35.9 27.8
2025 34.7 26.2
2016 से 2025 तक किस जुलाई में कितना रहा औसत वर्षा (मिमी में) और वर्षा वाले दिनों की संख्या का आंकड़ा:
वर्ष औसत वर्षा वर्षा वाले दिन
2016 292.5 15
2017 170.5 14
2018 282.2 14
2019 199.2 12
2020 236.9 07
2021 507.1 14
2022 286.3 08
2023 384.6 10
2024 203.7 12
2025 235.2 14
इस साल जुलाई में एक बार भी शुष्क मौसम लंबा नहीं खिंचा। बीच बीच में वर्षा का दौर चलता रहा तो हवा भी ज्यादातर पूर्व दिशा से रही। इसी का असर रहा इस माह में गर्मी बहुत ज्यादा नहीं रही।
महेश पलावत, उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन), स्काईमेट वेदर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।