विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 14, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi: जेब भरने में लगे हैं MCD के कर्मचारी, ट्रैफिक पुलिस ने भी आंखें मूंदी; पार्किंग के नाम पर बड़ा खेल

Published: Thu, 14 Aug 2025 11:20 AM (IST)

दक्षिणी दिल्ली में MCD द्वारा सड़कों पर पार्किंग की सुविधा देने के बाद भी जाम की समस्या बढ़ रही है। ...और पढ़ें

पार्किंग के नाम पर नगर निगम सड़कों पर अतिक्रमण कर रहा है।
पार्किंग के नाम पर नगर निगम सड़कों पर अतिक्रमण कर रहा है।

HighLights

  1. दक्षिणी दिल्ली में अवैध पार्किंग से जाम
  2. ठेकेदार दूसरी लेन में भी वसूल रहे शुल्क
  3. युसुफ सराय, गुरु रविदास मार्ग पर बुरा हाल

शनि पाथौली, दक्षिणी दिल्ली। आमजन की सहूलियत के लिए दिल्ली की कई सड़कों की एक लेन पर उपलब्ध कराई गई दिल्ली नगर निगम की पार्किंग परेशानी का सबब बनने लगी है। इसकी वजह से सड़कों पर जाम और अतिक्रमण की भीषण समस्या हो रही है।

बताया गया कि अपनी जेब भरने के लालच में पार्किंग कर्मचारी दूसरी लेन में भी वाहनों को खड़ा करा देता है। इससे तीन लेन की सड़क पर सिर्फ एक लेन पर ही यातायात चलता है। इसलिए लोगों को दिनभर जाम से जूझना पड़ता है। यह हालत दक्षिणी दिल्ली की अलग अलग सड़कों पर है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कोई भी कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली की इस फेमस मॉर्केट में खत्म होगी पार्किंग की समस्या, NHAI ने तैयार किया पायलट प्रोजेक्ट

एमसीडी ने लाजपतनगर, ग्रीन पार्क, गुरु रविदास मार्ग, गोविंदपुरी, अरविंदो मार्ग, भीष्म पितामह मार्ग सहित अन्य सड़कों की एक लेन पर पार्किंग की व्यवस्था कर रखी है। इन जगहों पर पार्किंग न होने की वजह से यह सुविधा दी गई है। इन मार्गाें में दो से तीन लेन की सड़कें शामिल हैं।

अब हाल यह हो गया है कि जब एक लेन पर पार्किंग भर जाती है तो ठेकेदार अवैध रूप से सड़क की दूसरी लाइन पर भी वाहन खड़े कराना शुरू कर देता है। इसके एवज में वह लोगों से पार्किंग शुल्क वसूलता है। अतिरिक्त लेन पर पार्किंग कराने से वाहनों के निकलने की जगह नहीं बचती है। ऐसे में लंबा जाम लग जाता है।

युसुफ सराय के सामने दो लेन पर पार्किंग से दिनभर जाम

ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन के पास युसुफ सराय के सामने चार लेन की सड़क है। एक लेन पर एमसीडी की पार्किंग है, लेकिन यहां दो लेन पर वाहन खड़े कराए जा रहे हैं। इससे यहां सुबह से शाम तक जाम लगता है। हौज खास से युसुफ सराय तक करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग जाती है। ऐसा ही हाल अरविंदो मार्ग व भीष्म पितामह मार्ग का है।

गुरु रविदास मार्ग पर पार्किंग के आगे रेहड़ियों का अतिक्रमण

वहीं, गुरु रविदास मार्ग पर रोड किनारे एक किलोमीटर मार्ग में सड़क के दोनों ओर पार्किंग बनाई गई है। यहां एक लेन में तो पार्किंंग व उसके सामने दूसरी लेन पर रेहड़ी-पटरी वालों का अतिक्रमण है। इस अतिक्रमण की वजह से रोड पर दोपहर व शाम को भयंकर जाम लग जाता है। इनके खिलाफ एमसीडी की तरफ से महीने में एक या दो बार कार्रवाई की जाती है। इसके कुछ दिन बाद फिर से पहले जैसे हालात हो जाते हैं।

जाम व अतिक्रमण से यातायात पुलिस ने भी आंखें मूंदी

अवैध पार्किंग से लगने वाले जाम व अतिक्रमण पर यातायात पुलिस ने भी आंखें मूंद रखी है। अवैध पार्किंग में दिनभर वाहन खड़े रहते हैं, लेकिन पुलिस की तरफ से सख्त कार्रवाई अमल में नहीं लाई जाती है। जबकि पुलिस अधिकारियों का दावा है कि नो पार्किंग में खड़े होने वाले वाहनों के चालान व उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की जाती है।

रोड किनारे पार्किंग इसलिए शुरू की गई है, क्योंकि वहां पार्किंग की सुविधा की जरूरत है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी पार्किंग ठेकेदार पार्किंग के लिए तय दिशा-निर्देशों का पालन करें। जहां-जहां से नियमों के खिलाफ कार्य करने की शिकायतें आएगी वहां पर कार्रवाई की जाएगी। - राजा इकबाल सिंह, महापौर, दिल्ली

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।