Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली के इस इलाके में 11 साल बाद पहुंची DTC की बस, 35 हजार की आबादी को नसीब हुआ 'सुहाना सफर'

    Updated: Tue, 01 Jul 2025 04:44 PM (IST)

    महरौली विधानसभा क्षेत्र के रजोकरी इलाके में 11 साल बाद बस सेवा फिर से शुरू हो गई है जिससे लगभग 35 हजार निवासियों को राहत मिली है। 2015 में डीटीसी बसों का संचालन बंद होने के बाद लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। रजोकरी यूथ वेलफेयर सोसाइटी ने विधायक गजेंद्र सिंह यादव से इस बारे में शिकायत की जिसके बाद देवी बस सेवा का संचालन शुरू किया गया।

    Hero Image
    35 हजार की आबादी को 11 साल बाद मिला 'सुहाना सफर'।

    शनि पाथौली, दक्षिणी दिल्ली। महरौली विधानसभा क्षेत्र के रजोकरी इलाके की करीब 35 हजार की आबादी को 11 साल बाद सुहाना सफर नसीब हुआ है। अब स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों को दिल्ली में अलग अलग जगह जाने के लिए ई-रिक्शा से बस पकड़ने नहीं जाना पड़ेगा। यहां रजोकरी से द्वारका और महरौली तक के देवी बस सेवा का परिचालन शुरू कर दिया गया है। इससे हजारों क्षेत्रवासियों का सफर सुगम होगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रजोकरी मार्ग पर वर्ष 2015 में डीटीसी बसों का संचालन बंद कर दिया गया था। उस समय डीटीसी के चालकों ने दावा किया था कि सड़क छोटी व अतिक्रमण होने की वजह से लो फ्लोर बस को मोड़ने में दिक्कत होती है। सार्वजनिक बसों का परिचालक बंद होने से क्षेत्र में रहने वाली हजारों की आबादी प्रभावित हो गई। तब से ही क्षेत्रवासी संबंधित विभाग के अलावा जनप्रतिनिधियों से बस सेवा शुरू कराने की गुहार लगा रहे थे।

    दिल्ली के अलग अलग संस्थानों में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों और नौकरीपेशा को भी आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही थी। इसको लेकर कुछ दिन पहले रजोकरी यूथ वेलफेयर सोसाइटी ने स्थानीय विधायक गजेंद्र सिंह यादव से पत्र लिखा था। विधायक ने मामले को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के परिवहन मंत्री कपिल मिश्रा के समक्ष उठाया। इसके बाद मार्ग पर देवी बस सेवा का संचालन शुरू किया गया है।

    गुरुग्राम की बसों के इंतजार में खड़े रहते थे यात्री

    रजोकरी तक कोई बस न आने की वजह से यहां के निवासी गुरुग्राम की बस के सहारे रहते थे। उसके लिए भी लोगों को ई रिक्शा में 20 रुपये किराया देकर रजोकरी रेड लाइन तक जाना पड़ता था या फिर पैदल आते थे। इसके अलावा कापसहेड़ा मोड से बस मिलती थी। नौकरी पेशा को तो मजबूरी में आनलाइन कैब या बाइक बुक करनी पड़ती थी।

    द्वारका सेक्टर 28 व महरौली तक तीन-तीन बस चली

    रजोकरी क्षेत्र की आबादी करीब 35 हजार है। इस मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से रजोकरी गांव, राजोकरी पहाड़ी, बीएसएस कैंप, रामदेव डेरा सहित आसपास की बस्तियों में रहने वाले लोगों को सहूलियत मिली है। फिलहाल रजोकरी से द्वारका सेक्टर 28 और रजोकरी से महरौली मार्ग पर तीन-तीन देवी बस सेवा शुरू की गई हैं। यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए भविष्य में बसों की संख्या व उनके चक्कर बढ़ाए जा सकते हैं। रजोकरी से धोला कुआं तक भी बस का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा।

    स्थानीय निवासियों की जुबानी

    हमारे रजोकरी क्षेत्र में 2015 से सार्वजनिक परिवहन सेवा बंद थी। इस वजह से लोग या तो अपने वाहन से आना-जाना करते थे या फिर गुरुग्राम से आने वाली बस के भरोसे रहते थे। अब इस मार्ग पर बस शुरू होने से हमें काफी हद तक राहत मिली है। - कपिल यादव, रजोकरी

    इस मार्ग पर बस सेवा करने को लेकर अधिकारियों से लेकर जन प्रतिनिधियों से बार-बार गुहार लगाई गई, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। अब स्थनीय विधायक गजेंद्र यादव के प्रयास से बसों का परिचालन 11 साल बाद शुरू हुआ है। - दीपक यादव, रजोकरी

    कुछ दिन पहले स्थानीय लोगों की समस्या सामने आई थी। फिर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और परिवहन मंत्री कपिल मिश्रा के समक्ष रजोकरी में बस सेवा शुरू करने मांग उठाई गई। अब यहां देवी बसों का परिचालन शुरू हो गया है। इससे हजारों लोगों को राहत मिली है। - गजेंद्र सिंह यादव, विधायक, महरौली