Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली से मेरठ अब सिर्फ 60 मिनट में पहुंचे, सराय काले खां से जल्द रफ्तार भरेगी नमो भारत ट्रेन

    Updated: Sun, 13 Jul 2025 05:06 PM (IST)

    देश की पहली रीजनल रैपिड रेल सेवा नमो भारत अब दिल्ली से मेरठ तक चलने के लिए तैयार है। कॉरिडोर का फिनिशिंग कार्य लगभग पूरा हो चुका है और ट्रायल रन भी सफलतापूर्वक पूर्ण किए गए हैं। सराय काले खां स्टेशन को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से जोड़ने के लिए एफओबी का निर्माण किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही यह सेवा शुरू हो जाएगी।

    Hero Image
    सराय काले खां से मेरठ के लिए जल्द रफ्तार भरेगी नमो भारत ट्रेन।

    संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। देश की पहली रीजनल रैपिड रेल सेवा नमो भारत अब दिल्ली से मेरठ तक 82 किमी लंबे कॉरिडोर पर दौड़ने के लिए तैयार है। वर्तमान में नमो भारत ट्रेनें दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक 55 किमी के खंड में 11 स्टेशनों पर परिचालित हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कॉरिडोर के अपरिचालित खंड में दिल्ली में सराय काले खां और न्यू अशोक नगर के बीच 4.5 किमी का हिस्सा एवं मेरठ में मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच लगभग 23 किमी का हिस्सा शामिल है।

    कॉरिडोर के इस हिस्से पर फिनिशिंग का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। ट्रायल रन भी सफलतापूर्वक पूर्ण किए जा चुके हैं। इसके साथ ही ट्रायल रन वाले खंड के कुछ हिस्से में सुरक्षा निरीक्षण भी पूर्ण हो गए हैं और बाकी हिस्से में निरंतर चल रहे हैं।

    सराय काले खां दिल्ली-गाजियाबाद कॉरिडोर का पहला स्टेशन

    सराय काले खां नमो भारत स्टेशन दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर का पहला स्टेशन है, जहां सिविल निर्माण, एस्केलेटर, लिफ्ट और प्लेटफार्म स्क्रीन डोर (पीएसडी) आदि लगाने का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। इस समय स्टेशन के पांच प्रवेश-निकास के लिए फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है।

    सराय काले खां नमो भारत स्टेशन को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से निर्बाध रूप से जोड़ने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) द्वारा 280 मीटर लंबे फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसमें छह स्वचालित ट्रैवेलेटर की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस एफओबी का सिविल निर्माण कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है और सभी छह ट्रैवलेटर स्थापित कर दिए गए हैं। इसकी भी फिनिशिंग का कार्य चल रहा है।

    स्टेशन परिचालन के लिए पूरी तरह से तैयार

    मेरठ में मेरठ साउथ स्टेशन से आगे तीन और नमो भारत स्टेशन हैं- शताब्दी नगर, बेगमपुल व मोदीपुरम। शताब्दी नगर स्टेशन करीब 215 मीटर लंबा और करीब 17 मीटर ऊंचा है। ये स्टेशन परिचालन के लिए पूरी तरह से तैयार है, जहां से नमो भारत और मेरठ मेट्रो दोनों की ही सेवाएं उपलब्ध होंगी।

    एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने बताया कि कॉरिडोर और स्टेशन सभी कुछ लगभग तैयार है। अब केवल मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त से एनओसी मिलने व केंद्र सरकार से हरी झंडी आने का इंतजार है। संभावना जताई जा रही है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह में या फिर स्वतंत्रता दिवस से पहले नमो भारत पूरे ट्रैक पर दौड़ने लगेगी। मेरठ से दिल्ली तक का सफर महज एक घंटे में पूरा हो सकेगा। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि इस पूरे कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन के परिचालन का लक्ष्य हालांकि जून 2025 था।

    • दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की लंबाई 82 किमी
    • कुल नमो भारत स्टेशन- 16 (जंगपुरा-मोदीपुरम), मेरठ मेट्रो स्टेशन- 13 (मेरठ साउथ- मोदी पुरम डिपो)
    • परिचालित खंड की लंबाई- 55 किमी.
    • परिचालित स्टेशन - 11 (न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ)
    • नमो भारत ट्रेन की रफ़्तार- 160 किमी प्रति घंटा
    • यात्रा समय- एक घंटे से कम

    यह भी पढ़ें- Delhi Crime: सुभाष प्लेस थाने की पहली मंजिल से लूट के आरोपित ने लगाई छलांग, अस्पताल में भर्ती