यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Kejriwal Bail: 'आपको देखकर तो ऐसा नहीं लगता...' ED की दलील के बाद कोर्ट ने 1 जून के लिए टाली सुनवाई
ईडी की तरफ से एएसजी एसवी राजू ने कहा कि केजरीवाल कस्टडी में नहीं हैं। वह पंजाब में चुनाव प्रचार ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जमानत के लिए राउज एवेन्यू कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। उन्होंने इसके लिए अपने स्वास्थ्य का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि उनका वजन घट रहा है और इसके लिए उन्हें कुछ जरूरी टेस्ट कराने हैं। उन्हें इस आधार पर जमानत दी जाए। इस पर ईडी की तरफ से पेश एएसजी एसवी राजू ने कहा कि उन्हें देखकर तो ऐसा नहीं लगता।
एएसजी एसवी राजू ने कहा कि केजरीवाल कस्टडी में नहीं हैं। वह पंजाब में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उनका स्वास्थ्य उनके चुनाव प्रचार में बाधा नहीं बना है। वह आखिरी समय में जमानत याचिका दायर करते हैं ताकि हमें बहुत कम समय मिले। उनके आचरण के कारण उन्हें जमानत नहीं मिलनी चाहिए।
जवाब दाखिल के लिए चाहिए समय: ED
उन्होंने कहा कि हमें जवाब दाखिल करने के लिए समय चाहिए। इसके लिए कम से कम दो दिन का समय चाहिए। वैसे भी 2 जून तक वह जमानत पर हैं। मैं सब कुछ रिकॉर्ड पर लाना चाहता हूं, ताकि मामले को परसों रखा जा सके। इस पर केजरीवाल के वकील एन हरिहरण ने कहा कि ये हम नहीं कह रहे हैं कि आपके पास जवाब दाखिल करने का अधिकार नहीं है।
स्पेशल जज कावेरी बावेजा की अदालत में सूचीबद्ध
बता दें, केजरीवाल की अंतरिम और नियमित जमानत की याचिका पर कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जवाब मांगा है। कोर्ट ने कहा कि अब मामले की अगली सुनवाई 1 जून को को दोपहर 2 बजे होगी। केजरीवाल ने मेडिकल आधार पर सात दिन की अंतिम जमानत याचिका दायर की है। अदालत अब इस मामले में शनिवार को सुनवाई करेंगी। यह मामला स्पेशल जज कावेरी बावेजा की अदालत में सूचीबद्ध हुई है।