Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Holi 2025: दिल्ली में छाई होली की मस्ती, रंगों की खुशबू और पारंपरिक व्यंजनों से महका बाजार

    Holi 2025 होली का रंग दिल्ली में चरम पर है! चांदनी चौक और सदर बाजार में रंग-बिरंगे गुलाल पिचकारियों और मिठाइयों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। होलिका दहन से पहले महिलाओं ने पूजा-अर्चना की और शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया। बाजारों में खोया गुजिया ड्राय फ्रूट गुजिया चाकलेट गुजिया और बंगाली स्टाइल गुजिया की खूब मांग बढ़ी है।

    By Jagran NewsEdited By: Monu Kumar Jha Updated: Fri, 14 Mar 2025 08:47 AM (IST)
    Hero Image
    दिल्ली में होली का रंग, बाजारों में खरीदारी जोरों पर। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। रंगों के उल्लास और उमंग का त्योहार होली अपने चरम पर है। पूरे शहर में होली की मस्ती छाई हुई है और शहर के प्रमुख बाजार चांदनी चौक व सदर बाजार में जबरदस्त चहल-पहल देखी जा रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रंग-बिरंगे गुलाल, पिचकारियों और मिठाइयों से सजी दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। हर तरफ होली के रंगों की खुशबू और उल्लास का नजeरा देखने को मिल रहा है।

    हर्बल गुलाल और आर्गेनिक रंगों की बढ़ी मांग

    होली की तैयारियों को लेकर बाजारों में खरीदारी जोरों पर है। दुकानों पर रंग, गुलाल, पिचकारियां और विभिन्न प्रकार की मिठाइयों और गुजिया की खूब बिक्री हो रही है। लोग घरों को सजाने के लिए रंग-बिरंगे फूलों की मालाएं और सजावटी सामान भी खरीद रहे हैं।

    बच्चों से लेकर बड़ों तक में नई-नई पिचकारियों और वाटर गन्स को लेकर खासा उत्साह है। वहीं, इस बार बाजार में विशेष रूप से हर्बल गुलाल और आर्गेनिक रंगों की मांग बढ़ी है।

    महिलाओं ने की होलिका पूजन

    होलिका दहन से पहले शहर के विभिन्न इलाकों में महिलाएं पूजा-अर्चना करने पहुंचीं। परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार महिलाओं ने होलिका का पूजन किया और परिक्रमा कर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूजा सामग्री की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ देखी गई।

    इस दौरान महिलाओं ने बताया कि होलिका दहन की अग्नि में बुराइयों का अंत होता है और यह पर्व स्नेह, सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी देता है। इसके बाद देर रात शुभ मुहूर्त में 11 बजकर 6 मिनट पर लोगों ने धूमधाम से होलिका दहन किया।

    पारंपरिक व्यंजनों की बढ़ी मांग

    बाजारों में खोया गुजिया, ड्राय फ्रूट गुजिया, चाकलेट गुजिया और बंगाली स्टाइल गुजिया की खूब मांग बढ़ी है। इसके अलावा ठंडाई, मालपुआ, दही भल्ले और नमकीन भी लोगों की पसंद बने हुए हैं।

    मिठाई विक्रेताओं के अनुसार इस बार ग्राहकों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है और पारंपरिक व्यंजनों की ओर लोगों का रुझान बढ़ा है।

    युवाओं ने डीजे की धुन पर लगाए ठुमके

    होली का रंग महाविद्यालय के विद्यार्थियों पर भी चढ़ा। विभिन्न महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर रंगों का त्योहार मनाया।

    संगीत, नृत्य और मस्ती के साथ छात्रों ने जमकर होली खेली। इसके अलावा कनाट प्लेस में डीजे की धुनों पर युवाओं ने जमकर ठुमके लगाए और माहौल को रंगीन बना दिया।

    लोगों की बातचीत

    पूरे साल होली का इंतजार करते है। मुझे होली की मस्ती, गुझिया की मिठास और रंगों की दुनिया बहुत पसंद है। यह त्योहार जीवन में उत्साह भर देता है।

    दीपा खेड़ा।

    यह त्यौहार खुशियों और रंगों से भरा होता है। इस दिन सभी भेदभाव भूलकर एक-दूसरे को रंग लगाते हैं और मिठाइयां बांटते हैं। मुझे खासतौर पर सूखी और प्राकृतिक रंगों से होली खेलना बेहद पसंद है।

    डॉ. सीमा सहगल।

    होली सिर्फ रंगों का नहीं बल्कि प्यार और सद्भाव का त्योहार है। यह पर्व जिंदगी में खुशियां बांटना सिखाता है। परिवार और दोस्तों के घर जाकर गुलाल लगाना, हंसी-मजाक जीवन में नई ऊर्जा भर देता है।

    राजेश गुप्ता।

    होली को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। शुक्रवार का इंतजार है। आज होलिका पूजन के बाद भी गुलाल और रंगों से होली खेली है। इस समय सभी को ऊपर होली का रंग चढ़ा हुआ है।

    राखी गुप्ता।

    यह भी पढ़ें: Namo Bharat Timing Change: होली पर सुबह से शाम तक बंद रहेंगी सेवाएं, Delhi Metro की रेड लाइन पर हुआ ये कांड