Crimes Against Women: दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध, मुंबई-बेंगलुरू और जयपुर मिलाकर भी राजधानी सबसे आगे
19 महानगरों की तुलना में दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ सबसे अधिक अपराध दर्ज किए गए। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2022 में भारत के 19 महानगरों में से दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ सबसे अधिक अपराध दर्ज किए गए। दिल्ली में वर्ष 2022 में 14158 मामले दर्ज किए गए जोकि महानगरों में सबसे अधिक हैं।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। 19 महानगरों की तुलना में दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ सबसे अधिक अपराध दर्ज किए गए। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2022 में भारत के 19 महानगरों में से दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ सबसे अधिक अपराध दर्ज किए गए।
दिल्ली में वर्ष 2022 में 14,158 मामले दर्ज किए गए, जोकि महानगरों में सबसे अधिक हैं। इसके बाद मुंबई में 6,176 और बेंगलुरु में 3,924 मामले दर्ज किए गए। दिल्ली में वर्ष 2021 में 13982 मामले सामने आए थे। इसकी तुलना में वर्ष 2022 में 1.25 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।
वहीं वर्ष 2020 में 9,782 मामले दर्ज किए गए थे। वहीं दिल्ली में वर्ष 2022 में दुष्कर्म के 1,204 मामले व दहेज के लिए हत्या के 129 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा पांच मामले एसिड अटैक के दर्ज किए गए और तीन मामले एसिड अटैक के दर्ज किए गए।दिल्ली में वर्ष 2022 में महिलाओं के अपहरण 3,909 मामले सामने आए।
शीर्ष दस शहरों की सूची
शहर 2020 2021 2022
दिल्ली 9782 13982 14158
मुंबई (महाराष्ट्र) 4583 5543 6176
बेंगलुरु (कर्नाटक) 2730 3127 3924
जयपुर (राजस्थान) 2369 2827 3479
हैदराबाद (तेलंगाना) 2390 3050 3145
लखनऊ (उत्तर प्रदेश) 2636 2161 2231
कानपुर (उत्तर प्रदेश) 1056 894 2099
पुणे (महाराष्ट्र) 1055 1616 2074
कोलकाता (पश्चिम बंगाल) 2001 1783 1890
इंदौर (मध्यप्रदेश) 1346 1794 1809
साइबर अपराध के मामले लगभग दोगुने हुए
रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में साइबर अपराध के मामले 2022 में लगभग दोगुने हो गए।साइबर अपराध के मामले वर्ष 2021 में 345 से बढ़कर वर्ष 2022 में 685 हो गए।वर्ष 2020 में साइबर अपराध के केवल 166 मामले सामने आए थे।
प्रेम संबंधों में 16 की हत्या
दिल्ली में वर्ष 2022 में प्रेम संबंधों के कारण हत्या के 16 मामले सामने आए हैं।इन मामलों में श्रद्धा वालकर की सनसनीखेज हत्या भी शामिल है।श्रद्धा के लिव-इन पार्टनर आफताब अमीन पूनावाला ने गला घोंटकर पहले उसकी हत्या की और फिर टुकड़े-टुकड़े कर उसके शव को महरौली के पास ठिकाने लगाया।
हत्या के 501 मामले
दिल्ली में हत्या के 501 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 13 अवैध संबंधों के कारण, 54 व्यक्तिगत दुश्मनी में और 197 पारिवारिक, संपत्ति और अन्य विवादों में किए गए। वहीं 35 हत्याएं पैसे के लिए हुईं। गैंगवार में हत्या के भी तीन मामले सामने आए। लूटपाट के दौरान हत्या के दस व मानव बलि का एक मामला सामने आया। हत्या के वर्ष 2021 में 454 और वर्ष 2020 में 461 मामले दर्ज किए गए थे।
दिल्ली में तीन लाख आपराधिक मामले दर्ज किए गए
दिल्ली में वर्ष 2022 में पिछले वर्ष की तुलना में 3.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ करीब 3 लाख आपराधिक मामले दर्ज हुए। वर्ष 2022 में कुल 2,98,988 मामले दर्ज किए गए, जबकि 2021 में 2,89,045 मामले दर्ज किए गए। वर्ष 2020 में दर्ज मामलों की कुल संख्या 2,45,844 थी।
ये भी पढ़ें- दिल्ली के मसाज सेंटर में लूट करने वाले 'पुलिसकर्मियों' को दबोचा, छापेमारी करके आरोपियों तक पहुंची टीम
अपहरण के 5585 मामले दर्ज
वर्ष 2022 में अपहरण के कुल 5,585 मामले दर्ज किए गए। वर्ष 2021 में इनकी संख्या 5475 थी और वर्ष 2020 में इनकी संख्या 4,011 थी।2021 और 2022 के बीच बुजुर्ग नागरिकों के खिलाफ अपराध के मामले 1,166 से बढ़कर 1,313 हो गए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।