किराया वसूलने वाली महिला को मारी गोली, किराये की आय में पिता से हिस्सा न मिलने था नाराज; गिरफ्तार
पश्चिमी दिल्ली के कापसहेड़ा में एक महिला रुखसाना खातून को किराए के विवाद में गोली मार दी गई। पुलिस ने आरोपी चेतन गुज्जर को गिरफ्तार कर लिया है। रुखसाना मकान मालिक के लिए किराया वसूलती थी जिससे चेतन नाराज था क्योंकि उसे किराए की आय में हिस्सा नहीं मिल रहा था। पुलिस ने पिस्टल और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है और फरार साथी की तलाश जारी है।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। कापहसेड़ा थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रह रही एक महिला को गोली मार दी गई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी का नाम चेतन गुज्जर है, वहीं घायल महिला का नाम रुखसाना खातून है। रुखसाना का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गली नंबर चार, समालखा के एक मकान में गोली चलने की सूचना सोमवार शाम को मिली।
पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पाया कि रुखसाना खातून को बाएं जांघ में दो गोलियां लगी हैं। रुखसाना की बेटी ने पुलिस को बताया कि गोली मकान मालिक चेतन गुज्जर ने मारी है।
घायल रुखसाना को तत्काल पीसीआर वैन के माध्यम से अस्पताल ले जाया गया। क्राइम और एफएसएल टीम ने मौके का मुआयना किया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मकान रमेश चंद उर्फ रमे गुज्जर का है, जो आरोपी चेतन गुज्जर का पिता है। रुखसाना इस मकान में किरायेदार है और मकान मालिक की ओर से अन्य किरायेदारों से किराया वसूलती है।
चेतन गुज्जर अपने पिता द्वारा किराये की आय में हिस्सा न दिए जाने से नाराज था। इसी विवाद के चलते उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर रुखसाना पर गोली चलाई।
जांच के दौरान आरोपी चेतन गुज्जर को गिरफ्तार कर लिया गया। अपराध में प्रयुक्त पिस्टल और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। इस मामले में अब फरार चल रहे चेतन के साथी की तलाश हो रही है।
यह भी पढ़ें- 273 करोड़ के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में ईडी की कार्रवाई, दिल्ली और मध्य प्रदेश में छापेमारी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।