Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Year Ender 2024: केजरीवाल के जेल जाने से लेकर कोचिंग सेंटर में बाढ़ तक... 2024 के इन Major Events को याद रखेगी दिल्ली!

    Delhi 2024 Highlights 2024 में दिल्ली में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले। साल की शुरुआत में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी और सीबीआई के नोटिसों का सामना करना पड़ा। मार्च में सीबीआई ने केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दिल्ली में लोकसभा चुनाव हुए जिसमें भाजपा ने सभी सातों सीटों पर जीत हासिल की। पढ़ें डिटेल स्टोरी।

    By Nimish Hemant Edited By: Monu Kumar Jha Updated: Tue, 31 Dec 2024 06:37 PM (IST)
    Hero Image
    2024 दिल्ली में सियासी उथल-पुथल और बदलाव का साल। जागरण

    जागरण टीम, नई दिल्ली। राम मंदिर के उद्घाटन के मौके पर राष्ट्रीय राजधानी में भी वर्ष 2024 की जनवरी राममय रही। लेकिन, पहले से तय लोकसभा चुनाव की तैयारियां भी इसी दौर में शुरू हुई और मार्च आते-आते तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के साथ दिल्ली में बड़ा राजनीतिक धमाका हुआ।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    धरना-प्रदर्शनों के दौर के साथ सियासी दल लोकसभा चुनाव के लिए रैलियों और सभाओं में रम गए। सात चरणों में हुए लोकसभा चुनाव में दिल्ली में छठे चरण में मतदान के साथ जून के पहले सप्ताह में परिणाम घोषित हुआ तो बाजी भाजपा के हाथ लगी।

    भीषण तपीश में जल संकट झेलने के बाद मानसून ने दस्तक दी तो जगह जगह जलभराव से राजधानी की सिविक एजेंसियों के दावों की पोल भी खुली। हिचकोले खाते हुए दिल्ली त्यौहारी सीजन में बाजार के साथ खूब झूमी। इसी क्रम में राजनीति ने फिर जोर पकड़ा जब एक-एक करके जेल में बंद तत्कालीन मुख्यमंत्री समेत आम आदमी पार्टी के नेता रिहा हुए।

    ईयर एंडिंग की फोटो द्वारका में डीडीए गोल्फ कोर्स का उद्घाटन करते उपराज्यपाल वीके सक्सेना। जागरण आर्काइव

    सितंबर आते आते लगभग साढ़े नौ साल से सीएम रहने के बाद केजरीवाल ने पद से इस्तीफा दिया और दिल्ली को आतिशी के रूप में नई मुख्यमंत्री मिलीं। इसी क्रम में आगे चलकर राजधानी को नए महापौर भी मिले। दिल्ली विश्वविद्याय छात्र संघ (डीयूएसयू) चुनाव में एनएसयूआइ ने अध्यक्ष पद जीत लिया।

    यह डीयूएसयू के इतिहास में पहली बार था कि मतदान के करीब दो माह बाद परिणाम घोषित हुए। दरअसल हाई कोर्ट ने प्रचार के दौरान दीवारों को गंदा करने पर सख्त रुख अपनाया और छात्र नेताओं को सबक सीखा दिया।

    सियासत के साथ दिल्ली पुलिस की मुश्किलें भी बढ़ती दिखीं। स्कूलों में आए दिन ईमेल से बम धमाके की धमकी के ज्यादातर मामले अनसुलझे चल ही रहे थे कि प्रशांत विहार इलाके में 39 दिनों के अंतराल में दो धमाकों ने चुनौती बढ़ा दी। अब साल के आखिरी में पुलिस अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों की धरपकड़ में जुटी हुई है।

      गिरफ्तार हुए अरविंद केजरीवाल

    वर्ष 2024 आम आदमी पार्टी के लिए काफी उथल-पुथल भरा रहा। इस वर्ष की शुरुआत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी और सीबीआई के नोटिसों (Arvind Kejriwal arrest) से हुई। यह सिलसिला मार्च तक चलता रहा। मार्च में सीबीआई ने अरविंद केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया।

    ईयर एंडिंग शराब घोटाले में गिरफ्तार किए गए अरविंद केजरीवाल।

    मंत्री पद से राजकुमार आनंद का इस्तीफा

    दिल्ली सरकार में मंत्री रहे राजकुमार आनंद ने मई में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। आनंद ने अपने पद से इस्तीफा देते समय आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया था। उन्होंने कहा था कि पार्टी भ्रष्टाचार में डूब गई है अब मैं इस पार्टी में नहीं रह सकता। बता दें कि वह दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री थे।

    लोकसभा चुनाव में आप का खराब प्रदर्शन रहा

    मई जून में हुए लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए अरविंद केजरीवाल को कुछ समय जेल से बाहर आने का जरूर मिला। मगर आम आदमी पार्टी के लिए अरविंद केजरीवाल का जेल में रहना काफी नुकसानदेह साबित हुआ। कांग्रेस के साथ गठबंधन कर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन किया और दोनों पार्टियां एक भी सीट नहीं जीत पाई।

    सभी बड़े नेताओं को मिली जमानत

    इस साल उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जेल से छूट गए। इसके बाद में अरविंद केजरीवाल को भी छह महीने तक (177 दिन) जेल में रहने के बाद जमानत मिल गई।साल के अंत तक आम आदमी पार्टी के विधायक वह पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन भी जेल से बाहर आ गए।

    सितंबर में आतिशी बनीं मुख्यमंत्री

    अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर आए तो सुप्रीम कोर्ट ने कुछ ऐसी शर्त रख दीं कि वह मुख्यमंत्री का कार्यभार नहीं देख सकते थे। इस दौरान केजरीवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और सितंबर में आतिशी को मुख्यमंत्री बनाया गया।

    केजरीवाल ने यह भी घोषणा की कि जनता फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव में आप को फिर से सत्ता मिलती है तो ही वह दोबारा से मुख्यमंत्री बनेंगे।

    कैलाश गहलोत ने दिल्ली सरकार में मंत्री पद से दिया इस्तीफा 

    नवंबर में कैलाश गहलोत ने दिल्ली सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) भी छाेड़ दी। उन्होंने केजरीवाल पर कई मुद्दों पर असफल होने का आरोप भी लगाया। उन्होंने यहां तक कहा कि केंद्र सरकार से झगड़ा करके केजरीवाल दिल्ली को नुकसान कर रहे हैं।

    नवंबर में विधायक नरेश बाल्यान गैंग्स्टरों से संबंध में गिरफ्तार

    इसी बीच उत्तम नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान (Naresh Balyan) को नवंबर में गैंग्स्टरों से संबंध रखने के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। बाल्यान अभी तक जेल में हैं। यह सब ऐसी घटनाएं हैं जो आम आदमी पार्टी को चर्चा में रखे रहीं।

    सातों लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत

    भाजपा (Delhi BJP) ने लगातार तीसरी बार दिल्ली के सभी सातों लोकसभा सीटों पर जीत प्राप्त की। इस बार पार्टी ने उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी को छोड़कर अन्य छह सांसदों का टिकट काट दिया था। पूर्वी दिल्ली से गौतम गंभीर की जगह हर्ष मल्होत्रा, दक्षिणी दिल्ली से रमेश बिधूड़ी के स्थान पर रामवीर सिंह बिधूड़ी।

    ईयर एंडिंग लोकसभा में जीते सातों सांसद। जागरण आर्काइव

    नई दिल्ली से मीनाक्षी लेखी के स्थान पर बांसुरी स्वराज, चांदनी चौक से डा. हर्षवर्धन की जगह प्रवीण खंडेलवाल, पश्चिमी दिल्ली से प्रवेश वर्मा की जगह कमलजीत सहरावत और उत्तर पश्चिमी दिल्ली से हंसराज हंस की जगह योगेंद्र चांदोलिया को मैदान में उतारा। कांग्रेस व आम आदमी पार्टी मिलकर चुनाव मैदान में उतरे थे। सभी सीटों पर आमने-सामने की लड़ाई में भाजपा ने जीत प्राप्त की।

    विजेंद्र गुप्ता बने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष

    दक्षिणी दिल्ली से सांसद निर्वाचित होने के बाद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने जून में दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया। उनके स्थान पर विजेंद्र गुप्ता को नेता प्रतिपक्ष बनाया गया। गुप्ता वर्ष 2015 में भी नेता प्रतिपक्ष बनाए गए थे।

    लवली ने छोड़ी कांग्रेस, देवेंद्र को कमान

    लोकसभा चुनाव के लिए मतदान से कुछ ही दिन पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से अरविंदर सिंह लवली ने दिया इस्तीफा, प्रत्याशियों के चयन पर एतराज जताते हुए पार्टी भी छोड़ी, उनके साथ पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान, पूर्व विधायक नीरज बसोया नसीब सिंह भी गए।

    कुछ ही दिन बाद सभी ने भाजपा ज्वाइन की, बाद में लवली को वाई श्रेणी की सुरक्षा भी दे दी गई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव को प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद की कमान सौपीं गई।

    यमुना किनारे बने बांसेरा पार्क में सालाना अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव की शुरुआत की गई। इसमें देश-विदेश के ढेरों पतंगबाजों ने हिस्सा लिया।

    राजधानी की उपनगरी द्वारका में देश का सबसे लंबा गोल्फ कोर्स बनाया गया है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बुधवार को इसका उद्घाटन किया। 6.7 किलोमीटर की लंबाई वाला गोल्फ कोर्स है। 250 करोड़ की लागत से तैयार हुआ।

    ईयरएंडिंग की फोटो द्वारका में डीडीए गोल्फ कोर्स शुरु हुआ। जागरण आर्काइव

    यमुना के वासुदेव घाट पर हर मंगलवार और रविवार को यमुना की आरती शुरू की गई। यहां 3.5 लाख दीये जलाकर सालाना दीपोत्सव के आयोजन की शुरुआत की गई।

    स्वास्थ्य

    सतर्कता निदेशालय की रिपोर्ट के आधार पर पांच जनवरी को मोहल्ला क्लीनिक में इलाज और जांच में फर्जीवाड़े की उपराज्यपाल ने सीबीआई जांच की सिफारिश की है।

    25 मई 2024: विवेक विहार स्थित न्यू बार्न बेबी केयर सेंटर में आग लगने लगने की घटना हुई। इस घटना में इस अस्पताल के नर्सरी में भर्ती आठ नवजात बच्चों की मौत हो गई थी। इस न्यू बार्न बेबी केयर सेंटर में ऑक्सीजन सिलेंडर भरने का भी काम होता था।

    09 जुलाई 2024: दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच ने किडनी रैकेट के आरोप में एक डॉक्टर सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया था।

    14 जुलाई 2024: जीटीबी अस्पताल में घुसकर सर्जरी वार्ड में भर्ती मरीज की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपित किसी और को मरने आए थे लेकिन अनजाने में किसी दूसरे मरीज को गोली मारकर हत्या कर दी। इससे अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठे।

    अगस्त: कोलकाता में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की दुष्कर्म व हत्या की घटना के खिलाफ दिल्ली में एम्स, सफदरजंग, आरएमएल, लोकनायक सहित सभी के बड़े अस्पतालों में 11 दिन रेजिडेंट डॉक्टरों ने हड़ताल रखी।

    ईयर एंडिंग की फोटो कोलकाता में डाक्टर छात्रा से हुए दुष्कर्म के बाद इंडिया गेट के आगे प्रदर्शन करते डाक्टर व अन्य छात्र। जागरण आर्काइव

    आठ जनवरी: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सफदरजंग अस्पताल में 150 बेड के स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर का शुभारंभ किया। लेडी हार्डिंग मेडिकल कालेज (एलएचएमसी) में नए आइपीडी व इमरजेंसी ब्लाक का शुभारंभ हुआ।

    रोबोटिक सर्जरी प्रशिक्षण केंद्र शुरू

    एम्स में रोबोटिक सर्जरी प्रशिक्षण केंद्र शुरू हुआ। पहले देश में रोबोटिक सर्जरी के प्रशिक्षण की सुविधा नहीं थी। डाक्टरों को प्रशिक्षण के लिए विदेश जाना पड़ता था। अब यही पर डॉक्टर रोबोटिक प्रशिक्षण ले सकेंगे। रोबोटिक सर्जरी के लिए एम्स में तीन रोबोटिक मशीन लगाई गई है।

    जल संकट पर खूब हुई राजनीति

    इस बार गर्मी में जल आपूर्ति की समस्या गंभीर हो गई। दिल्ली सरकार ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार उसके हिस्से का पानी यमुना में नहीं छोड़ रहा है। इसके विरोध में मुख्यमंत्री आतिशी ने जंगपुरा में पांच दिनों तक आमरण अनशन किया।

    ईयरएंडिंग की फोटो चाणक्य पुरी विवेकानंद कैंप में पानी के लिए संघर्ष करते लोग। जागरण आर्काइव

    स्वास्थ्य खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। दिल्ली सरकार सुप्रीम कोर्ट में भी शिकायत की। दिल्ली भाजपा के साथ ही हरियाणा सरकार ने कम पानी देने के आरोप को गलत बताते हुए दिल्ली सरकार के कुप्रबंधन को जल संकट के लिए जिम्मेदार ठहराया।

    दिल्ली सौर ऊर्जा नीति लागू

    दिल्ली सरकार द्वारा 16 मार्च को सौर ऊर्जा नीति-2024 अधिसूचित की गई। नई नीति के अनुसार सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं को दिल्ली सरकार प्रत्येक यूनिट बिजली उत्पादन पर पैसे देगी। देश में पहली बार दिल्ली में सोलर पैनल लगाने वाले उपभोक्ताओं को उत्पादन आधारित प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इससे न सिर्फ उपभोक्ताओं का बिजली का बिल शून्य आएगा, बल्कि वो अतिरिक्त कमाई भी कर सकते हैं। इस नीति के क्रियान्वयन पर सरकार 570 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

    अपराध

    1. प्रशांत विहार में 39 दिन में हुए दो बम धमाके

    कई साल बाद इस साल प्रशांत विहार इलाके में हुए दो बम धमाके हुए। 39 दिन के अंतराल पर दोनों धमाके हुए। पहला धमाका 20 अक्टूबर को रविवार वाले दिन सुबह सीआरपीएफ स्कूल की दीवार के पास हुआ। स्कूल बंद होने के कारण किसी को नुकसान नहीं हुआ। धमाके में कई गाड़ियों व दुकानों को क्षति पहुंची।

    ईयर एंडिंग राजेंद्र नगर के राव आइएएस स्टडी सर्कल जहां के बेसमेंट में डूबकर छात्रों की मौत हुई। जागरण आर्काइव

    उस मामले को पुलिस सुलझा भी नहीं पाई थी कि 39 दिन बाद 28 नवंबर की सुबह पहले वाले जगह से महज डेढ़ किलोमीटर दूर वीर सावरकर पार्क की दीवार के पास दूसरा धमाका हुआ। उक्त घटना में एक ऑटो चालक को मामूली चोट आई।

    ईयर एंडिंग फोटो प्रशांत विहार बम बिस्फोट के बाद जांच करते हुए। जागरण आर्काइव

    दिल्ली पुलिस समेत तमाम केंद्रीय एजेंसियां अब तक जांच में जुटी हुई हैं, लेकिन केस नहीं सुलझ पाया है। ये अपने तरह का अलग धमाका था, जिसमें केमिकल का इस्तेमाल किया गया।

    2. स्कूलों को बार-बार ईमेल से मिलती रही बम से उड़ाने की धमकी

    स्कूलों को मेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी देने के इस साल एक दर्जन से अधिक मामले सामने आए। बार-बार मेल भेजने वाले व्यक्ति को पकड़ना तो दूर पुलिस अबतक यह भी पता नहीं लगा पा रही है कि मेल किस राज्य व देश से भेजा जा रहा है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि विदेश से मेल भेजने के कारण उन्हें संबंधित व्यक्ति के आईपी पते की जानकारी नहीं मिल पा रही है।

    हालांकि, इसी क्रम में कुछ स्कूलों के बच्चों ने भी परीक्षाएं रद कराने व पढ़ाई से बचने के लिए मेल भेजे थे, जिनकी पहचान कर पुलिस ने उनसे पूछताछ के बाद स्वजन को सौंप दिया। तीन छात्र पकड़े गए जो नाबालिग थे इसलिए पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।

    3. संसद भवन के बाहर धक्का-मुक्की मामले राहुल गांधी पर केस दर्ज

    संसद भवन के बाहर प्रदर्शन करने के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा धक्का-मुक्की करने के मामले में संसद मार्ग थाना पुलिस ने राहुल गांधी व अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना में घायल भाजपा सांसद हेमांग जोशी ने मुकदमा दर्ज कराया। क्राइम ब्रांच को मामले की जांच सौंपी गई है।

    धक्का-मुक्की करने से भाजपा के दो सांसदों को गंभीर चोट आई। राहुल व अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास, चोट पहुंचाने, दूसरों के जीवन को खतरे में डालने, आपराधिक बल प्रयोग व आपराधिक धमकी देने आदि धाराओं में केस दर्ज किया गया है। घटना होने के बाद भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज, अनुराग ठाकुर व हेमांग जोशी ने संसद मार्ग थाने पहुंचकर शिकायत दी थी।

    4. अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों की पहचान के लिए अभियान

    दिल्ली में वर्षों से अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए उपराज्यपाल के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने अभियान चलाया। वर्षों से इनके धर-पकड़ का मामला सुस्त पड़ा हुआ था।

    अब सभी 15 जिला पुलिस ने अपने अपने जिले में धर पकड़ करने का अभियान तेज कर दिया है। दर्जनों बांग्लादेशियों को वापस बांग्लादेश भेजा भी जा चुका है। यह अभियान अभी जारी रहेगा। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि लाखों बांग्लादेशी नागरिकों को वापस बांग्लादेश भेजा जा सकेगा।

    दिल्ली नगर निगम

    1.दिल्ली को मिला नया महापौर

    एमसीडी में महापौर का चुनाव हर वर्ष अप्रैल माह में होता है। निगम पार्षद महापौर चुनते हैं लेकिन अप्रैल 2024 में तत्कालीन सीएम अरविंद केजरीवाल के जेल में होने की वजह से यह चुनाव नहीं हो पाया, क्योंकि महापौर चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारी की नियुक्ति की फाइल पर सीएम के जेल में होने की वजह से हस्ताक्षर नहीं थे।

    ईयरएंडिंग की फोटो नगर निगम सदन की बैठक में हंगामा। जागरण आर्काइव

    जब केजरीवाल जेल से बाहर आए और उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा दिया तो महापौर चुनाव का रास्ता खुल गया। इसके बाद 14 नवंबर को मतदान हुआ और आप प्रत्याशी महेश कुमार ने चुनाव में जीत दर्ज की। वहीं, उप महापौर पद पर भी आप प्रत्याशी रविंद्र भारद्वाज ने जीत दर्ज की। महापौर पद पर क्रॉस वोटिंग भी हुई। भाजपा के पास 122 मत थे लेकिन उसके प्रत्याशी को 130 वोट मिले, जबकि आप के प्रत्याशी 133 वोट मिले।

    2. अधिकारियों ने कराए वार्ड कमेटियों और स्थायी समिति के चुनाव

    दो वर्ष से लंबित दिल्ली में निगम की वार्ड कमेटियों का चुनाव हुआ। इसमेंं 12 में से आप पांच जोन में ही चुनाव जीत पाई, जबकि सात जोन में भाजपा ने जीत दर्ज की। ऐसी ही स्थिति स्थायी समिति के 18वें सदस्य के चुनाव के लिए हुई। जब महापौर ने इस चुनाव के लिए बुलाई गई इस बैठक को इसलिए स्थगित कर दिया कि सदन में प्रवेश करते हुए पार्षदों की पुलिस द्वारा जांच करने और मोबाइल पर पाबंदी लगाई थी।

    इस पर ही उपराज्यपाल ने एमसीडी एक्ट के अनुच्छेद 487 का उपयोग करते हुए अतिरिक्त आयुक्त जितेंद्र यादव को बैठक का पीठासीन अधिकारी नियुक्त कर दिया। हालांकि इस चुनाव में आप ने हिस्सा नहीं लिया और भाजपा प्रत्याशी चुनाव जीत गए। इस मामले में महापौर फिर सुप्रीम कोर्ट चली गई है। अभी यह मामला लंबित है।

    कोर्ट

    1. पूर्व सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कोर्ट में दलीलों का दौर

    वर्ष 2021-22 के आबकारी नीति मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और इससे जुड़े मामलों में सामने आए ड्रामे ने इस वर्ष सुर्खियां बटोरीं। 21 मार्च, 2024 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें हिरासत में लिया और अगले दिन अदालत में पेश किया।

    इसके बाद सीबीआई ने इसी से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में 26 जून को उनको गिरफ्तार किया। सीबीआई द्वारा पूछताछ के बाद 29 जून को अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इस दौरान ट्रायल कोर्ट से लेकर हाई कोर्ट तक जमकर चला दलीलों का दौर।

    2. कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर पर हत्या का आरोप तय

    राउज एवेन्यू स्थित विशेष न्यायाधीश की अदालत ने कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर पर वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामलों में 13 सितंबर 2024 को हत्या और अन्य अपराधों के आरोप तय किए।

    शिक्षा

    1. डूसू में सात साल बाद लौटी NSUI, पोस्टर को लेकर लगी फटकार

    दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के परिणाम इस वर्ष अलग रहे। सात साल बाद डूसू अध्यक्ष पद पर एनएसयूआइ की वापसी हुई। एनएसयूआई के रौनक खत्री अध्यक्ष चुने गए। संयुक्त सचिव पद पर लोकेश चौधरी विजेता रहे। एबीवीपी के भानु प्रताप सिंह उपाध्यक्ष और मित्रविंदा करनवाल सचिव पद पर विजेता रहीं। डूसू के परिणाम ऐतिहासिक रूप से देरी से जारी हो सके।

    डूसू की कार्यकारी परिषद में विजेता बनने के बाद विवेकानंद प्रतिमा के पास खड़े होकर खुशी जाहिर करते विजेता छात्र। सौजन्य एबीवीपी

    चुनाव में बेढंगे प्रचार को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई। छात्र नेताओं को पोस्टर हटाने के लिए कोर्ट ने निर्देशित किया। इसके चलते 28 सितंबर को आने वाले परिणाम 25 नवंबर को जारी किए जा सके। जेएनयू छात्र संघ के चुनाव कोविड के तीन साल बाद मार्च में हुए। इसमें वाम संयुक्त पैनल विजेता रहे।

    जेएयूएसयू के इतिहास में पहली बार बापसा की प्रियांशी सचिव पद पर विजेता रहीं। डीएसएफ की स्वाति का नामांकन रद होने के बाद वाम छात्र संगठनों के समर्थन से वह चुनाव जीतने में कामयाब रहीं। आइसा के धनंजय अध्यक्ष, एसएफआई के अविजीत उपाध्यक्ष और एआइएसएफ के साजिद संयुक्त सचिव चुने गए।

    2. डीयू में ड्यूल डिग्री कार्यक्रम शुरू

    वर्ष 2024 में दिल्ली विश्वविद्यालय ने ड्यूल डिग्री की शुरुआत की है। छात्र नियमित डिग्री के साथ स्कूल आफ ओपन लर्निंग से एक डिग्री ले सकते हैं। शुरुआत में इसे डीयू के लिए शुरू किया गया है। छात्रों के रुचि के बाद और परेशानियों का आकलन करने के बाद इसे बाहरी ओपन संस्थानों के लिए भी शुरू कर दिया जाएगा।

    डीयू ने स्नातक में सिंगल गर्ल चाइल्ड कोटे की शुरुआत की। इसमें 750 से अधिक छात्राओं ने प्रवेश लिया है। डीयू ने परास्नातक में भी सिंगल गर्ल चाइल्ड कोटा शुरू किया है। डीयू ने विकसित भारत पर वैल्यू एडेड कोर्स शुरू किया है। जेएनयू में इस वर्ष हिंदू अध्ययन केंद्र की शुरुआत की गई है।

    शिवाजी के नाम पर विशेष केंद्र खोला गया है। महाराष्ट्र सरकार ने इसके लिए 11 करोड़ रुपये की धनराशि दी है। जेएनयू में भारतीय ज्ञान परंपरा को जेनरिक इलेक्टिव पेपरों के रूप में हर कोर्स में शुरू करने की योजना इस वर्ष बनाई है।

    यह भी पढ़ें: Delhi Metro: 2004 से 2024 दिल्ली मेट्रो का विस्तार वादे तो बहुत, पर विकास की रफ्तार धीमी