Delhi: भीख मांगने की आड़ में लोगों को लूटने वाली चार महिलाएं हौज खास से गिरफ्तार
पुलिस ने हौज खास से चार महिलाओं को लूटपाट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ये महिलाएं भीख मांगने की आड़ में लोगों को लूटती थी। तीस अक्टूबर को लूट का शिकार हुई एक बुजुर्ग महिला ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। भीख मांगने के बहाने लोगों को लूटने वाली चार शातिर महिलाओं के एक गिरोह को पुलिस ने हौजखास से गिरफ्तार किया है। चारों महिलाएं बिहार की रहने वाली हैं। आरोपितों की पहचान शहीना, शबीना, टीना और सुनीता के रूप में की गई है। इनके पास से लूट के 500 रुपये बरामद हुए हैं।दक्षिणी जिले के पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि 30 अक्टूबर को गिरोह की ओर से लूट की शिकार हुई 64 वर्षीय महिला ने पुलिस को शिकायत दी।
महिला ने आरोप लगाया कि दोपहर 12.20 बजे वह अपनी कार में अकेली बैठी थी, उस समय उनका बेटा जांच के लिए पैथोलॉजी लैब के अंदर गया था। उसी समय चार महिलाएं कार के पास आ गईं और भीख मांगने लगीं। उसने उन्हें पांच रुपये देने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं मानी। इसके बाद उसने उन्हें 50 रुपये का नोट देने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर उसे डराकर कहा कि वह उन्हें सबसे बड़ा नोट दे, वरना उसे मार दिया जाएगा।
हमले के डर से बुजुर्ग महिला ने 500 रुपये का नोट निकाला, जिसे लेकर आरोपित महिलाएं मौके से फरार हो गईं। घटना के तुरंत बाद महिला ने पीसीआर को फोन लगाया।पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बाद में आरोपित महिलाओं को हौजखास बाजार में देखा गया। उन्हें गिरफ्तार कर लूट के 500 रुपये भी बरामद किए गए। महिलाएं बिहार के पुंजीपुर गांव से हैं और यहां निजामुद्दीन में रह रही थीं।
सरकारी सीसीटीवी कैमरे चोरी करने वाले दो गिरफ्तार
वहीं, सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दिल्ली सरकार की सीसीटीवी स्कीम के तहत सड़क पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को वारदात के छह घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने चुराए गए दो सीसीटीवी कैमरे बरामद कर लिए हैं। डीसीपी उत्तरी जिला एंटो अल्फोंस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए चोरों के नाम सागर कुमार व सन्नी हैं। दोनों सिविल लाइंस के ही रहने वाले हैं। इनके खिलाफ चोरी व झपटमारी के कई मामले दर्ज हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो