Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सोना हड़पने के लिए रची लूट की झूठी कहानी, सच्चाई जान पुलिस अफसर भी हैरान; चार शातिर हुए गिरफ्तार

    Updated: Mon, 30 Jun 2025 10:53 AM (IST)

    दक्षिणी दिल्ली में पुलिस ने सात लाख के सोने की लूट के फर्जी मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मंटू मंडल नामक व्यक्ति ने पुलिस को झूठी सूचना दी कि बाइक सवारों ने उसका अपहरण कर सोना लूट लिया। जांच में पता चला कि मंटू ने कबाड़ी से मिली अलमारी के सोने को हड़पने के लिए यह साजिश रची थी।

    Hero Image
    सोना हड़पने के लिए रची लूट की झूठी कहानी। जागरण

    जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिण पूर्वी जिले की एंटी राबरी सेल व गोविंदपुरी थाने की टीम ने सात लाख के सोने की लूट के फर्जी मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कबाड़ में बेची गई आलमारी के लाकर में सोना था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कबाड़ी ने अपने दोस्त को रखने के लिए इसे दे दिया और वास्तविक मालिक को भी सूचित कर दिया। लालच में आकर कबाड़ी के दोस्त ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर सोने के लूट की झूठी कहानी गढ़ी और पुलिस को फोन किया। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए गहनों के साथ ही अपराध में इस्तेमाल बाइक बरामद की।

    दक्षिणी पूर्वी जिले की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ऐश्वर्या शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 26 व 27 जून की दरम्यानी रात मंटू मंडल नामक व्यक्ति ने गोविंदपुरी पुलिस को फोन किया। उसने बताया कि पिछली रात दो बाइक सवारों ने उसका अपहरण कर घर से सोना लूट लिया था। उसे उसके घर से कुछ दूर पर छोड़कर आरोपित फरार हो गए थे। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

    पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, जिसके अनुसार दो बाइक सवार शिकायतकर्ता के घर पहुंचे। छह मिनट बाद वे शिकायतकर्ता और सोने के सामान के साथ घर से निकल गए। इस पर टीम ने दोनों बाइक सवार बदरपुर निवासी राज कुमार और जैतपुर निवासी सरफराज के साथ उनके साथी फरीदाबाद निवासी राजू उर्फ यूसुफ को भी पकड़ लिया।

    वहीं, पूछताछ में पता चला कि शिकायतकर्ता मंटू मंडल, जो एक निर्माण स्थल का ठेकेदार है, ने लगभग एक महीने पहले लाजपत नगर में एक साइट पर काम करते समय उसके मालिक जितेंद्र से एक अलमारी ली थी। 25 जून को उसने वह आलमारी कबाड़ी को बेच दी। आलमारी के लाकर के अंदर सोने के सामान पाए। कबाड़ विक्रेता ने सोना मंटू मंडल को सौंप दिया, साथ ही उसने जितेंद्र को भी सूचित किया। मंटू मंडल ने अपने दोस्त राजू के साथ मिलकर सोना हड़पने की साजिश रची।

    राजू ने दो बाइक सवारों को बुलाया जो मंटू के घर पहुंचे और सोना लेकर चले गए। मंटू मंडल ने उस रात कोई फोन नहीं किया। जब वास्तविक मालिक जितेंद्र ने मंटू पर सोना लौटाने का दबाव बनाया तो उसने झूठी पीसीआर काल की। आरोपितों के पास से 60 ग्राम सोना व चोरी में प्रयुक्त बाइक बरामद की। गोविंदपुरी थाने में मामला दर्ज कर दोनों बाइक सवारों के साथ पुलिस ने शिकायतकर्ता मंटू मंडल और राजू को गिरफ्तार कर लिया।