डूसू चुनाव में ईवीएम पर नीली स्याही से विवाद, NSUI ने कहा- चुनाव को धांधली से प्रभावित करने की साजिश
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में ईवीएम पर स्याही लगने से विवाद हुआ। एनएसयूआइ ने एबीवीपी पर धांधली का आरोप लगाया जबकि एबीवीपी ने इसे निराधार बताया। किरोड़ीमल और हंसराज कॉलेज में ईवीएम में स्याही पाई गई जिसके बाद उन्हें बदल दिया गया। मिरांडा और रामजस कॉलेज में ईवीएम में खराबी की भी सूचना मिली। चुनाव आयोग ने कहा कि स्याही छात्र की लापरवाही से लगी।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में दो काॅलेजों में ईवीएम पर नीली स्याही लगी होने से हंगामा मच गया। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन आफ इंडिया (एनएसयूआइ) ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाए। उन्होंने वोट चोरी तक की बात कह डाली। विरोध के बाद काॅलेजों ने ईवीएम बदल लीं या स्याही को हटा दिया गया। डूसू चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि यह छात्र की लापरवाही से हुआ है।्र
आंखों से आंसू निकलने लगे
गुरुवार सुबह 8.30 बजे मतदान शुरू होने पर किरोड़ीमल काॅलेज व हंसराज काॅलेज में कुछ बूथ पर रखी गईं ईवीएम में एबीवीपी अध्यक्ष पद प्रत्याशी आर्यन मान के नाम के आगे नीली स्याही लगी हुई थी। इसकी जानकारी मिलते ही एनएसयूआइ अध्यक्ष पद प्रत्याशी जोसलीन चौधरी हंसराज काॅलेज पहुंच गईं। उन्होंने इसका विरोध जताया। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू निकलने लगे।
फौरन ईवीएम बदल दी गई
मामले की जानकारी मिलते ही काॅलेज प्रशासन ने चुनाव कार्यालय को जानकारी दी। किरोड़ीमल काॅलेज के प्राचार्य प्रो. दिनेश खट्टर ने बताया कि शुरुआती छात्रों ने मतदान के दौरान ऐसा किया होगा। एक मशीन में स्याही लगने की जानकारी मुझे मिली थी। इसके बाद मैंने डूसू चुनाव समिति को जानकारी दी और फौरन ईवीएम बदल दी गई। हसंराज काॅलेज की प्राचार्य प्रो. रमा शर्मा से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया।
चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास
उधर, एनएसयूआइ ने एक बयान में कहा, एबीवीपी द्वारा छात्रसंघ चुनावों में ईवीएम में हेराफेरी की गई है। विभिन्न काॅलेजों से लगातार ऐसी शिकायतें आई हैं। जानबूझकर नीली स्याही लगाई गई है, ताकि मतदाताओं को प्रभावित किया जा सके। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बिगाड़ने और चुनाव को धांधली से प्रभावित करने का सीधा प्रयास है।
कहा-आरोप पूरी तरह बेबुनियाद
वहीं, एबीवीपी ने एक बयान जारी कर कहा कि आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। एनएसयूआइ चुनावी हार देखकर बौखलाई हुई है। इसलिए मनगढ़ंत आरोप लगा दिए हैं। एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सोलंकी ने कहा, ईवीएम पर स्याही लगने संबंधी विषय पर सीसीटीवी फुटेज देख लेना चाहिए, इससे एनएसयूआइ के झूठ का पर्दाफाश हो जाएगा। प्रांत मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा, जैसे कांग्रेस पार्टी हार ठीकरा ईवीएम पर फोड़ती है, वैसा ही काम एनएसयूआई कर रही है।
यह भी पढ़ें- इस बार DUSU चुनाव में रिकॉर्ड तोड़ मतदाता, मतदान प्रतिशत बढ़ाना चुनौती; किसका पलड़ा होगा भारी?
मिरांडा और रामजस की ईवीएम में आई खराबी
डूसू चुनाव के दौरान मिरांडा काॅलेज व रामजस काॅलेज की ईवीएम में खराबी आ गई। रामजस काॅलेज में दो ईवीएम में गड़बड़ी हुई। प्राचार्य प्रो. अजय अरोड़ा ने कहा कि दो ईवीएम खराब हुईं थी, जिन्हें फौरन बदल दिया गया। छात्रों को कोई परेशानी नहीं हुई। मिरांडा हाउस में भी एक ईवीएम खराब हो गई। यहां छात्राओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
छात्राओं ने कहा कि यहां दो बूथ ही बनाए गए थे। उन्हें डेढ़ घंटे तक लाइन में खड़ा होना पड़ा, इसके बाद वह मतदान कर सकीं। हालांकि, बाद में छात्राओं को कक्षाओं में बैठा दिया गया। मिरांडा हाउस में 50 प्रतिशत तक बंपर मतदान हुआ।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।