Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Fire News: अस्पताल में लगी आग, जान बचाने के लिए टॉयलेट में छिपे सफाई कर्मचारी की मौत

    Updated: Sun, 10 Aug 2025 08:11 AM (IST)

    पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार स्थित एक अस्पताल में आग लगने से हड़कंप मच गया। अस्पताल के सर्वर रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी जिसके बाद मरीजों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और फंसे हुए लोगों को बचाया। इस हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    Hero Image
    आनंद विहार स्थित इसी कासमास मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में लगी आग ।जागरण

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। आनंद विहार स्थित तीन मंजिला कासमास मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में शनिवार दोपहर में आग लग गई। हादसे के वक्त अस्पताल में आठ मरीज भर्ती थे। अस्पताल के भू-तल पर बने सर्वर रूम में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सर्वर रूम से धुआं उठते ही अस्पताल के कर्मचारियों ने मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही दमकल व पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। धुएं के कारण अस्पताल के अंदर तीन कर्मचारी फंस गए। दमकल ने अचेत पड़े दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

    एक सफाई कर्मचारी का शव शौचालय के अंदर मिला। मृतक की पहचान अमित कुमार (32) के रूप में हुई है। अचेत लोगों में हरदेवी (50) और नरेश (56) को पुष्पांजलि अस्पताल में भर्ती करवाया। बाकी आठ मरीजों काे भी इलाज के लिए इसी अस्पताल में भेजा गया है। सभी की हालत बेहतर है।

    पार्किंग के आधे हिस्से में बनाया हुआ था सर्वर रूम

    सूत्रों का कहना है अस्पताल में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम ने ठीक से काम नहीं किया। सही से काम किया होता आग बढ़ती नहीं। पुलिस ने बताया कि आनंद विहार में तीन मंजिला कासमास मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल बना हुआ है।

    भू-तल पर आधे हिस्से में पार्किंग व बाकी हिस्से में सर्वेर रूम बना हुआ है। शनिवार दोपहर 12:12 बजे सर्वर रूम में अचानक आग लगी। आग लगते ही अस्पताल में अफरा तफरी मच गई। हादसे के वक्त अस्पताल में आठ मरीज व 25 से अधिक डाक्टर व कर्मचारी मौजूद थे।

    धुआं बढ़ने से पहले ही मरीजों को पहली व दूसरी मंजिल से अस्पताल के बाहर निकाला गया। अधिकतर कर्मचारी व डाक्टर भी बाहर आग गए। अस्पताल में आपातकालीन द्वार भी था, जिससे लोग बाहर आए। भू-तल पर आग बढ़ने पर धुआं सीढ़ियों के जरिये तेजी से ऊपरी मंजिलों पर भर गया। तीन कर्मचारी अंदर फंस गए। पुलिस व दमकल ने उन्हें निकाला। पुलिस का कहना है आग से भू-तल पर ही नुकसान हुआ है। ऊपरी मंजिल पर धुआं भरा था।

    शनिवार दोपहर 12:12 बजे दमकल को आग की सूचना मिली थी। आठ गाड़ियां मौके पर पहुंची। अस्पताल में धुंआ भरा हुआ था। स्काई लिफ्ट से अस्पताल के शीशे तोड़े गए। दो डायलिसिस कर्मचारी नरेश व हरदेवी अचेत हालत में दूसरी मंजिल पर मिले। सफाई कर्मचारी अमित का शव तीसरी मंजिल के शौचालय में मिला। उसकी जान धुएं से दम घुटने से हुई है। दो घंटे में आग पर काबू पाया।

    अशोक जैसवाल, डिवीजन अफसर, दमकल विभाग

    अस्पताल 50 बेड का है। अस्पताल में आग बुझाने के उपकरण लगे हुए हैं। सुचारू रूप से उपकरण ने काम भी किया है। हादसे के वक्त मैं अस्पताल में मौजूद नहीं था। कर्मचारियों ने मरीजों को अस्पताल से सुरक्षित निकाला और दूसरे अस्पताल में भर्ती करवाया। आग कैसे लगी इसकी जानकारी मुझे भी नहीं है। सीसीटीवी कैमरे भी जल गए हैं। हादसे में अस्पताल के कर्मचारी की मौत से दुखी हूं।

    -डॉ. आरके सचदेवा, निदेशक कासमास मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल

    आनंद विहार थाना पुलिस ने लापरवाही से मौत की धारा में प्राथमिकी की है। प्राथमिकी में अभी किसी का नाम नहीं है। जांच करके पता लगाया जा रहा है हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है। आग खुद लगी या किसी की लापरवाही से लगी। बिल्डिंग बायलाज का भी पता किया जा रहा है। दमकल विभाग से पता किया जा रहा है अस्पताल के पास फायर एनओसी थी या नहीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वक्त पर लोगों को बाहर निकाला।

    - प्रशांंत गौतम, शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त