यमुना का रौद्र रूप देख एक्शन में DM, बोट क्लब ने 3 दिन में बचाई 2500 से ज्यादा लोगों की जान
पूर्वी दिल्ली में यमुना नदी में बाढ़ आने से हालात गंभीर हैं। बोट क्लब ने पिछले तीन दिनों में ढाई हजार से अधिक लोगों को बचाया जिनमें बेघर जानवर भी शामिल हैं। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में बचाव कार्य कर रहा है और लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी जा रही है। यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। यमुना अपने रौद्र रूप में है। पानी का बहाव बहुत तेज है। जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों में जान बचाने में पूर्वी जिले का बोट क्लब मददगार साबित हो रहा है। पिछले तीन दिन में क्लब के गोताखारों व सदस्यों ने ढाई हजार लोगों का रेस्क्यू किया है। यह वह लोग हैं जो अपने घर व झुग्गियों में फंसे हुए थे। एक हजार से अधिक बेसहारा गाय बचाने के साथ ही 500 आवारा कुत्तों को बचाया है।
बुराड़ी, बदरपुर खादर गांव, पुराना उस्मानपुर, पुराना गढ़ी मेंढू गांव, सिविल लाइन, गीता कालोनी, पुराना लोहापुल, यमुना बैंक, जैतपुर, मयूर विहार फेज-एक, डीएनडी, गीता कालाेनी, यमुना बैंक समेत कई क्षेत्रों में बोट क्लब पिछले तीन दिनों से समय-समय पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है।
बोट क्लब के इंचार्ज हरिश कुमार ने बताया कि जल स्तर बढ़ने से यमुना खादर व निचले क्षेत्रों में पानी भर गया है। बोट क्लब के सदस्यों ने पुलिस समेत अन्य विभागों के साथ मिलकर प्रभावित लोगों को उनके घरों से निकाला और बोट के जरिये सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि करीब ढाई हजार लोग बचाए हैं। पशुओं को भी बचाया है। एसडीएम प्रीत विहार संदीप यादव ने कहा कि प्रशासन ने यमुना में 14 स्थानों पर बोट लगाई हुई हैं। ऐसी रणनीति बनाई है, जहां से रेस्क्यू के लिए काल आ रही है। वहां बिना देरी किए बचाव बद को बोट से भेज दिया जाता है।
पशु प्रेमी भी जुटे हुए हैं
यमुना खादर में पशु प्रेमी भी रेस्क्यू आपरेशन में जुटे हुए हैं। इसमें से अधिकतर डाग लवर हैं। वह ट्यूब लेकर खादर में भरे पानी में जा रहे हैं। जहां भी उन्हें कुत्ते मिल रहे हैं वह उन्हें गोद में व कमर पर लटकाकर ला रहे हैं।
डीएम ने अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
उत्तर पूर्वी जिले के डीएम अजय कुमार ने करावल नगर एसडीएम अमोद बड़थवाल के साथ जल स्तर से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। मोटर बोट से उन्होंने बदरपुर खादर गांव का निरीक्षण किया। प्रभावित लोगों से मिले।
इसके बाद सोनिया विहार में पार्षद बृजेश सिंह के साथ शिविरों का निरीक्षण किया। अजय कुमार ने कहा कि प्रशासन ने अपनी ओर से बेहतर व्यवस्थ की हुई है। प्रभावित लोग भी प्रशासन का सहयोग करें।
डीएम ने दी यमुना से दूर रहने की नसीहत
पूर्वी जिल के डीएम अमोल श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें उन्होंने नसीहत दी है कि लोग यमुना से दूर रहें।
यह भी पढ़ें- त्योहारों पर दिल्ली वालों की होगी बल्ले-बल्ले, GST कटौती से व्यापार में भारी उछाल की उम्मीद
यमुना खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर बह रही है। लोग यमुना किनारे न जाएं और न ही तैराकी, नौकायन या किसी भी तरह की गतिविधि करें। निचले इलाकों में रह रहे लोग तुरंत सुरक्षित स्थानों और प्रशासन द्वारा बनाए गए राहत शिविरों में जाएं। आपात स्थिति या बचाव कार्य के लिए 1077 नंबर पर संपर्क करें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।