अकाली दल से निकाले जाने के बाद कालका ने बनाई नई धार्मिक पार्टी, पंजाब चुनाव के परिणाम बाद शुरू हो गई थी चर्चा
डीएसजीएमसी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने शिरोमणि अकाली दल दिल्ली स्टेट नाम से नई धार्मिक पार्टी की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल अपने उद्देश्य से भटक गया था जिस कारण पंजाब में हार हुई।

नई दिल्ली (राज्य ब्यूरो)। शिरोमणि अकाली दल (शिअद बादल) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने शिरोमणि अकाली दल दिल्ली स्टेट नाम से नई धार्मिक पार्टी बनाई है। वह इसके मुख्य सरप्रस्त होंगे। बुधवार को शिअद बादल से अलग होकर उन्होंने नई पार्टी बनाने की बात कही थी। उसके कुछ देर बाद शिअद बादल ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
उन्होंने कहा कि अपने उद्देश्य से भटकने की वजह से पंजाब विधानसभा चुनाव में शिअद बादल को हार का सामना करना पड़ा है। पंथक सोच व किसानों के हितों की रक्षा में पार्टी विफल रही है। गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की वजह से पार्टी का यह हाल हुआ है।
अकाल दल में नहीं किया बदलाव
उन्होंने कहा कि संगत के फैसले के बाद अकाली दल में बदलाव की उम्मीद थी लेकिन किसी ने इसकी पहल नहीं की। इसे देखते हुए शिअद बादल के टिकट पर चुनाव जीतने वाले डीएसजीएमसी के सभी 29 सदस्यों ने पंथ की रक्षा के लिए नई धार्मिक पार्टी बनाने का फैसला किया है।
पार्टी सिर्फ धार्मिक चुनाव लड़ेगी
प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि नई पार्टी सिर्फ धार्मिक चुनाव लड़ेगी। इसके सदस्य किसी भी राजनीतिक पार्टी से जुड़कर राजनीतिक चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि एमपीएस चड्डा नई पार्टी के अध्यक्ष और भजन सिंह बालिया, हरविंदर सिंह केपी इसके सरप्रस्त होंगे।
पार्टी की अलग-अलग इकाइयों के गठन के लिए पांच सदस्यीय समिति बनाई गई है। आत्मा सिंह लुबाणा, बलवीर सिंह विवेक विहार, अमरजीत सिंह पप्पू, अमरजीत सिंह पिंकी व हरविंदर सिंह केपी इसके सदस्य होंगे। समिति दस दिनों में अपनी रिपोर्ट देगी। रमनदीप सिंह थापर, सतबीर सिंह गगन, मनजीत सिंह औलख को युवा इकाई गठित करने की जिम्मेदारी दी गई है। छात्र इकाई भी गठित की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।