Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Water Supply: दिल्ली के इस इलाके में नहाने-धोने के लिए लोग खरीद रहे पानी, जल बोर्ड की करतूत आई सामने

    By Jagran NewsEdited By: Rajesh Kumar
    Updated: Wed, 09 Apr 2025 06:05 PM (IST)

    मयूर विहार फेज 3 के पॉकेट बी 7 में करीब एक महीने से गंदे पानी की आपूर्ति से लोग परेशान हैं। बदबूदार और साफ पानी न होने से पीने नहाने खाना बनाने और कपड़े धोने के लिए बाजार से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे जेब पर बोझ बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।

    Hero Image
    मयूर विहार में गंदे पानी की आपूर्ति से लोग परेशान। जागरण

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। मयूर विहार फेज 3 के पॉकेट बी 7 के निवासियों को करीब एक महीने से गंदे पानी की आपूर्ति के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों में आपूर्ति किया जा रहा पानी बदबूदार है और साफ भी नहीं है। जिसके कारण लोगों को पीने, नहाने, खाना बनाने और कपड़े धोने के लिए बाजार से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इससे न सिर्फ लोगों की जेब पर बोझ बढ़ रहा है, बल्कि उनके स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। लोगों ने हस्ताक्षर कर मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल, नगर निगम, दिल्ली जल बोर्ड, पार्षद, विधायक को शिकायत देकर जल्द से जल्द साफ पानी की आपूर्ति की मांग की है।

    बीमारियों का कारण बना गंदा पानी

    स्थानीय निवासी गीता ने बताया कि मयूर विहार के पॉकेट बी 7 में 520 फ्लैट हैं, जिनमें से करीब 350 फ्लैट में साफ पानी मिल रहा है। बाकी फ्लैट में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। गर्मियों में रोजाना गंदा पानी आने से समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।

    फ्लैट में जो पानी आ रहा है, वह किसी काम का नहीं है। कुछ लोगों को पेट संबंधी बीमारियों की भी शिकायत हो रही है। लोगों ने बताया कि पाइपलाइन ब्लॉक हो गई है, जिससे फ्लैट में गंदे पानी की सप्लाई की समस्या बढ़ गई है। शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं हो रहा है।

    हमें रोजाना बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। मध्यम वर्गीय परिवारों पर यह अतिरिक्त बोझ है। शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं हो रहा है।

    -विजय मेनन, निवासी

    गंदे पानी की सप्लाई से लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। अगली सुबह हमें लगता है कि हमें साफ पानी मिलेगा, लेकिन हर बार गंदा पानी ही मिल रहा है।

    -सुशील शर्मा, निवासी

    गंदे पानी की शिकायत मिली है। कर्मचारियों को निरीक्षण के लिए भेजा जाएगा, जहां भी समस्या मिलेगी, उसे तुरंत ठीक किया जाएगा और साफ पानी की आपूर्ति की जाएगी।

    -विजय कीर्ति, सहायक अभियंता, दिल्ली जल बोर्ड

    यह भी पढ़ें: CLAT 2025 परीक्षा परिणामों से जुड़ी सभी याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित, अब इस मामले की होगी सुनवाई