Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Weather: दिल्ली में 27 सालों का रिकॉर्ड टूटा, दिसंबर में सबसे ज्यादा बारिश; अगले तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट

    Updated: Fri, 27 Dec 2024 10:29 PM (IST)

    दिल्ली में शुक्रवार को 27 सालों का दिसंबर महीने में बारिश का रिकॉर्ड टूट गया। राजधानी में रुक-रुक कर हुई झमाझम बारिश ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। वहीं प्रदूषण के स्तर में भी कमी आई है। मौसम विभाग ने शनिवार सहित तीन दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

    Hero Image
    दिल्ली में बारिश का टूटा 27 सालों का रिकॉर्ड।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में शुक्रवार को पूरे दिन रुक-रुक का झमाझम वर्षा हुई। इस वजह से रात ढ़ाई बजे से शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में 39.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इससे दिसंबर माह में वर्षा का 27 वर्षों का रिकार्ड टूट गया। साथ ही ठंड बढ़ने से अधिकतम तापमान पिछले दिन के मुकाबले 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। इस वजह से शुक्रवार का दिन पिछले पांच वर्षों में दिसंबर में सबसे अधिक ठंडा रहा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वर्षा होने से प्रदूषण से भी राहत महसूस की गई लेकिन केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने तेज वर्षा होने के बावजूद भी लगातार चौथे दिन शुक्रवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स बेहद खराब श्रेणी में 353 बताया। जबकि स्विस कंपनी के एप आइक्यूएयर ने औसत एयर इंडेक्स 212 और रात साढ़े आठ बजे एयर इंडेक्स 153 बताया, जो सीपीसीबी के मानक के अनुसार मध्यम श्रेणी में माना जाता है। मौसम विभाग ने शनिवार सहित तीन दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार सुबह से दोपहर के बीच रुक-रुक कर एक-दो बार वर्षा भी हो सकती है।

    रविवार से आकाश साफ हो जाएगा

    मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को सुबह ज्यादातर जगहों पर हल्का व कुछ जगहों पर मध्यम स्तर का भी कोहरा हो सकता है। रविवार से आकाश साफ हो जाएगा लेकिन कुछ जगहों पर घना और कुछ जगहों पर बेहद घना कोहरा हो सकता है। सोमवार को मध्यम स्तर का कोहरा होने की संभावना है। मध्यम स्तर का कोहरा होने पर न्यूनतम दृश्यता 200 से 500 मीटर, घना कोहरा होने पर न्यूनतम दृश्यता 50 से 200 मीटर और बेहद घना कोहरा होने पर न्यूनतम दृश्यता 50 मीटर से भी कम होती है।

    मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को पालम में सबसे अधिक 42.7 मिलीमीटर, लोधी रोड में 41 मिलीमीटर व पूसा में 40 मीटर वर्षा दर्ज की गई। शुक्रवार से पहले दिल्ली में इस माह 3.5 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। इस वजह से दिल्ली में इस माह अब तक कुल 42.8 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है, जो वर्ष 1997 के बाद सबसे अधिक है। वर्ष 1997 में दिसंबर में कुल 71.8 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। इसके बाद वर्ष 2019 में दिसंबर में 33.9 मिलीमीटर वर्षा हुई थी।

    दिल्ली में अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज

    मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम है। इससे पहले दिसंबर में अधिकतम तापमान सबसे कम वर्ष 2019 दर्ज किया गया था। तब 17 व 18 दिसंबर को अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री और 12.2 डिग्री सेल्सियस था। इसके बाद इस बार शुक्रवार को अधिकतम तापमान सबसे कम दर्ज किया गया लेकिन न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस से अधिक होने के कारण मौसम विभाग ने कोल्ड डे नहीं माना।

    न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है और पिछले दिन के मुकाबले 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग का कहना है कि अधिकतम तापमान साढ़े चार डिग्री सेल्सियस से कम और न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस कम होने पर कोल्ड डे माना जाता है।

    दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सुबह साढ़े आठ बजे से पहले और सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे के बीच दर्ज हुई वर्षा (मिलीमीटर में)

    जगह 8:30 से पहले 8:30- 5:30 बजे कुल वर्षा
    सफदरजंग 9.1 30.2 39.3
    पालम 11.3 31.4 42.7
    लोधी रोड 6.8 34.2 41.0
    रिज एरिया 1.8 30.4 32.2
    आया नगर 4.9 18.1 23.0
    पूसा 5.5 35.0 40.0
    डीयू 0 39.0 39.0
    पीतमपुरा 1.5 26.0 27.5

    यह भी पढ़ेंः दिल्ली एयरपोर्ट से कोकेन की बड़ी खेप बरामद, पेट में छिपाकर ले जा रहे थे करोड़ों के कैप्सूल; दो विदेशी गिरफ्तार