Delhi Weather: भारी बारिश से जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या, IMD ने बताया- आनेवाले दिनों के मौसम का हाल
रविवार को दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई जिससे यातायात प्रभावित हुआ। धौला कुआं नारायणा और पटेल नगर में वर्षा दर्ज की गई। नेताजी सुभाष प्लेस मार्ग पर जलभराव के कारण जाम लग गया। मौसम विभाग ने सोमवार को भी बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता संतोषजनक रही।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बादलों की लुकाछिपी के बीच रविवार को दोपहर बाद राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में वर्षा हुई। कहीं तेज तो हल्की वर्षा से शहर का यातायात भी अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी पैदा हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार, धौला कुआं, नारायणा, पटेल नगर, विजय चौक, जंगपुरा, रोहिणी, फिरोजशाह रोड और संसद मार्ग पर वर्षा हुई। सुबह साढ़े आठ बजे तक 1.2 मिमी जबकि शाम साढ़े पांच बजे तक 0.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
स्वचालित मौसम केंद्रों (एडब्ल्यूएस) के रविवार शाम 5.30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार पूसा में 13 मिमी, जनकपुरी और नजफगढ़ में नौ- नौ मिमी, नारायणा में 7.0 मिमी, भारत मंडपम में 2.7 मिमी, नरेला में 2.5 मिमी, फार्मा साइंस में 2 मिमी और एसपीएस में 1.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। हालांकि मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में सामान्यतया बादल छाए रहने तथा एक या दो बार वर्षा या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया था।
वाहनों की अधिकता ने भी जाम को बढ़ाया
तेज वर्षा के कारण नेताजी सुभाष प्लेस की ओर जाने वाले लाला जगत नारायण मार्ग पर लंबा जाम लगा। कारण, फुटपाथ की ओर जाने वाली सड़क का आधा हिस्सा जल भराव की चपेट में आ गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रोहिणी क्षेत्र के दौरे के लिए पुलिस द्वारा लगाए गए यातायात प्रतिबंधों को हटाए जाने के कारण वाहनों की अधिकता ने भी जाम में योगदान दिया। इसके अलावा पंजाबी बाग जाने वाली सड़क पर रानी बाग रेड लाइट पर भी जलभराव देखा गया।
रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक 34.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम सामान्य से 0.9 डिग्री कम 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 97 से 71 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग ने सोमवार को आमतौर पर बादल छाए रहने और एक-दो बार वर्षा या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान लगाया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
उधर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शाम चार बजे 91 एक्यूआइ के साथ दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'संतोषजनक' श्रेणी में रिकॉर्ड की गई।
यह भी पढ़ें- Namo Bharat Train: सराय काले खां स्टेशन बनकर तैयार, किसे मिलेगा सबसे अधिक फायदा? जानें इसकी खूबियां
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।