Delhi Weather: दिल्ली में रात के तापमान ने तोड़ा 3 साल का रिकॉर्ड, बढ़ता रहेगा पारा; पढ़ें IMD का अपडेट
दिल्ली में मौसम का मिजाज बदल रहा है। न्यूनतम तापमान ने तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है अप्रैल 2022 के बाद सबसे गर्म रात दर्ज की गई। रविवार को न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल लू चलने की संभावना नहीं है लेकिन तापमान में वृद्धि जारी रह सकती है। दिल्ली का AQI मध्यम श्रेणी में है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी के मौसम में उतार चढ़ाव का दौर लगातार जारी है। कभी तापमान और गर्मी में वृद्धि होने लगती है तो कभी मौसम की करवट से गिरावट आने लगती है। इसी लुकाछिपी के बीच अब न्यूनतम तापमान ने तीन वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शनिवार (19 अप्रैल) की रात अप्रैल 2022 के बाद सबसे गर्म रही है। अभी हाल फिलहाल लू भले ही न चले, लेकिन तापमान में वृद्धि का यह दौर बना रह सकता है।
रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक 26.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले अप्रैल 2022 में यह 26.2 डिग्री दर्ज किया गया था। हालांकि सर्वाधिक न्यूनतम तापमान नजफगढ़ में 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.0 डिग्री अधिक 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40.4 आयानगर में रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 71 से 35 प्रतिशत रहा।
दिल्ली में लू चलने की कोई संभावना नहीं
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को दिन में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 25 एवं 40 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले सप्ताह भर तक दिल्ली में लू चलने की भी कोई संभावना नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 डिग्री जबकि न्यूनतम 27 डिग्री तक रिकार्ड किया जा सकता है।
रविवार को मध्यम श्रेणी में रहा दिल्ली का एक्यूआई
रविवार को दिल्ली का एक्यूआइ 200 से नीचे मध्यम श्रेणी में रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार को दिल्ली का एक्यूआइ 140 रहा। एक दिन पहले शनिवार को यह 165 था। यानी चौबीस घंटे में इसमें 25 अंकों की कमी दर्ज की गई। अगले कई दिन हवा चलने के आसार हैं। इसके चलते प्रदूषण के स्तर में सुधार भी बने रहने की संभावना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।