Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Weather: उमस से दिल्लीवाले बेहाल, हीट इंडेक्स 47 डिग्री तक पहुंचा; बारिश को लेकर IMD ने दिया अपडेट

    Updated: Mon, 18 Aug 2025 09:16 PM (IST)

    दिल्ली में उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। हीट इंडेक्स 47 डिग्री तक पहुंच गया। दिनभर बादल छाए रहे और हल्की वर्षा हुई। अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की वर्षा की संभावना जताई है। फिलहाल दिल्ली की हवा संतोषजनक श्रेणी में है।

    Hero Image
    उमस भरी गर्मी के बीच हीट इंडेक्स पहुंचा 47 डिग्री।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में उमस भरी गर्मी एक बार फिर परेशान कर रही है। बादलों की लुकाछिपी, हल्की वर्षा और धूप में उमस का स्तर दोबारा बढ़ने लगा है। आलम यह रहा कि सोमवार को दिल्ली का हीट इंडेक्स 47 डिग्री तक पहुंच गया। एसी से बाहर निकलने ही लोगों को पसीना आने लगता था। हाल- फिलहाल मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सोमवार को भी दिनभर बादलों की आवाजाही चलती रही। कहीं कहीं हल्की वर्षा भी देखने को मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक 34.9 डिग्री जबकि न्यूनतम सामान्य से 1.7 डिग्री कम 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 98 से 64 प्रतिशत तक रहा।

    अधिकतम तापमान भले ही 35 डिग्री से नीचे था लेकिन हीट इंडेक्स 47 डिग्री होने के कारण गर्मी भी इसी के स्तर पर महसूस हुई। जहां तक वर्षा का सवाल है तो सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे के दौरान रिज क्षेत्र में 1.8 मिमी, राजघाट पर 0.1 मिमी और नजफबढ़ में 0.5 मिमी दर्ज की गई।

    मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। गरज वाले बादलों के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री जबकि अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

    दूसरी तरफ वर्षा और हवा के असर से फिलहाल दिल्ली की हवा साफ ही चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 76 दर्ज किया गया। इस स्तर की हवा को ''संतोषजनक'' श्रेणी में रखा जाता है। हाल फिलहाल एयर इंडेक्स इसी के करीब बना रहेगा।

    यह भी पढ़ें- मानहानि मामले में संदीप दीक्षित की याचिका पर आतिशी और संजय सिंह को HC का नोटिस, लगाए थे झूठे आरोप!