Delhi Weather: इस हफ्ते भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, तेज आंधी के साथ बारिश के आसार; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट
दिल्ली में मौसम विभाग के अनुसार मई के पहले सप्ताह में भीषण गर्मी से राहत बरकरार रहेगी। बृहस्पतिवार को आसमान साफ रहा लेकिन हवा की गति सामान्य रही जिससे तापमान नियंत्रण में रहा। शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रहने और बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग ने सात मई तक बादल छाए रहने और हल्की वर्षा का अनुमान जताया है जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान और यलो अलर्ट जारी किए जाने से इतर बृहस्पतिवार को दिन भर आसमान साफ रहा। तेज धूप भी निकली रही। खबर लिखे जाने तक भी न कहीं आंधी आई और न कहीं वर्षा हुई। अलबत्ता, 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा जरूर चलती रही। इसी का असर रहा कि तापमान सामान्य के आसपास ही रहा। मौसम विभाग की मानें तो मई का पहला सप्ताह पूरा ही भीषण गर्मी से राहत देने वाला रहेगा।
बृहस्पतिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पीतमपुरा में यह सर्वाधिक 29.4 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं हवा में नमी का स्तर 67 से 39 प्रतिशत रहा।
शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हो सकती है। दोपहर बाद या शाम के समय गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तेज धूल भरी आंधी चलने का भी अनुमान है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 और 27 डिग्री रह सकता है। शुक्रवार के लिए भी यलो अलर्ट है।
सात मई तक रोजाना ही बादल छाए रहेंगे
मौसम विभाग द्वारा जारी साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार सात मई तक रोजाना ही बादल छाए रहेंगे। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। बूंदाबांदी या हल्की वर्षा की भी संभावना बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 24 डिग्री तक आ जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।