Delhi Weather: दिल्ली में अगले हफ्ते बारिश का पूर्वानुमान, ठंड को लेकर यलो अलर्ट जारी; बिगड़ सकता है AQI
दिल्ली में अगले सप्ताह हल्की वर्षा की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बुधवार और बृहस्पतिवार को बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। राजधानी में शनिवार को पिछले दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान में 2.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में शनिवार को पिछले दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान में 2.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। सुबह में न्यूनतम तापमान भी में भी 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। इससे ठंड से थोड़ी राहत रही। मौसम विभाग ने रविवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आकाश में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। सुबह में स्मॉग के साथ-साथ ज्यादातर जगहों पर मध्यम स्तर का कोहरा व कुछ जगहों पर घना कोहरा हो सकता है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले सप्ताह पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बुधवार व बृहस्पतिवार को हल्की वर्षा हो सकती है।
कुछ जगहों पर मध्य स्तर का कोहरा रहा
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शनिवार को ज्यादातर जगहों पर हल्का कोहरा व कुछ जगहों पर मध्य स्तर का कोहरा रहा। आइजीआई एयरपोर्ट के पास मध्यम स्तर का कोहरा होने के कारण तड़के साढ़े तीन बजे से सुबह साढ़े चार बजे के बीच एक घंटे तक न्यूनतम दृश्यता 200 मीटर रही। वहीं सफदरजंग के पास हल्का कोहरा होने के कारण सुबह सात से आठ बजे के बीच एक घंटा न्यूनतम दृश्यता 500 मीटर रही।
न्यूनतम तापमान सबसे कम आया नगर में
सुबह साढ़े आठ बजे एयरपोर्ट और सफदरजंग के पास न्यूनतम दृश्यता बढ़कर 800 मीटर हो गई। दिल्ली में अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान सबसे कम आया नगर में 8.3 डिग्री सेल्सियस और पालम में 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में बेहद खराब श्रेणी में रह सकती है हवा की गुणवत्ता
दिल्ली में शनिवार को एयर इंडेक्स में आंशिक सुधार हुआ। फिर भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बरकरार रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 255 रहा। स्विस कंपनी के एप आइक्यूएयर के अनुसार रात आठ बजे दिल्ली का एयर इंडेक्स 277 रहा। सीपीसीबी के अनुसार एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 289 था।
एनसीआर के शहरों में भी AQI मध्यम श्रेणी में
एनसीआर के सभी प्रमुख शहरों में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 116, गाजियाबाद का 133, ग्रेटर नोएडा का 180, गुरुग्राम का 131 व नोएडा का एयर इंडेक्स 147 रहा। सीपीसीबी के अनुसार रविवार को दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रही सकती है। इसके बाद दो दिन हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रहने की संभावना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।