Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्लीवालों के लिए राहत की खबर! पिछले साल की तुलना में ठंडा रहा यह जून, कोरोना काल के बाद सबसे साफ रही हवा

    Updated: Mon, 30 Jun 2025 07:09 AM (IST)

    इस वर्ष जून में दिल्ली का मौसम पिछले वर्ष की तुलना में ठंडा रहा और हवा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ। तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया और लू भी नहीं चली। मानसून से पहले और मानसून की वर्षा ने हवा को साफ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जिससे दिल्लीवासियों को साफ हवा में सांस लेने का मौका मिला।

    Hero Image
    पिछले साल की तुलना में ठंडा रहा यह जून।

    संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। जून का मौसम और पर्यावरण दोनों ही इस बार थोड़ा अलग रहा। मौसम के लिहाज से यह माह जून 2024 की तुलना में ठंडा जबकि हवा के लिहाज से काेरोना काल के बाद सबसे साफ रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मौसम विभाग के मुताबिक जून का औसत अधिकतम 39.0 डिग्री सेल्सियस है जबकि इस साल यह 1.2 डिग्री कम 37.8 डिग्री रहा है। 2024 में यह 1.9 डिग्री अधिक 41.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। इसी तरह जून का औसत न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस है जबकि इस साल यह भी 0.5 डिग्री कम 27.2 डिग्री रहा है। 2024 में यह 2.1 डिग्री अधिक 29.8 डिग्री रहा था। महीने के ज्यादातर दिन अधिकतम-न्यूनतम तापमान सामान्य से कम ही दर्ज किए गए हैं।

    इस साल जून में एक भी दिन लू नहीं चली

    लू की बात करें तो इस साल जून में एक भी दिन लू नहीं चली। अब अगर वर्षा की बात करें तो इस साल माह का कोटा पहले ही पूरा हो चुका है। वर्षा वाले दिन चार रहे हैं। अब अगर वायु प्रदूषण की बात करें तो मानसून और प्री मानसून की वर्षा से सराबोर रहने वाले जून में राजधानी वासियों को एक तिहाई से भी अधिक दिन साफ हवा में सांस लेने का मौका मिला है।

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार यानी 29 जून तक 24 दिन हवा साफ और केवल पांच दिन खराब रही है। सोमवार को इस माह के अंतिम दिन भी मौसमी परिस्थितियों के चलते यह साफ ही रहने की संभावना है। मालूम हो कि 2020 में कोरोना काल के दौरान जून में 'संतोषजनक' और 'मध्यम' श्रेणी के सर्वाधिक 29 दिन मिले थे और यह इस दशक का सबसे साफ जून रहा था।

    2015 से 2025 के दौरान जून में कितने दिन किस श्रेणी की रही हवा

    वर्ष संतोषजनक मध्यम खराब बहुत खराब
    2025 (29 जून तक) 10 14 5 -
    2024 2 22 6 0
    2023 9 18 3 0
    2022 3 14 10 3
    2021 5 20 4 1
    2020 6 22 2 0
    2019 1 18 11 0
    2018 4 17 6 2
    2017 3 17 10 0
    2016 0 14 13 3
    2015 3 13 9 5

    दिल्ली में जून का महीना प्री मानसून और मानसून की वर्षा वाला होता है। इस बार पहले प्री मानसून और फिर मानसून की वर्षा ने हवा साफ करने में बड़ा योगदान दिया है। वर्षा से प्रदूषण थम जाता है जबकि हवा साफ हो जाती है। - डॉ. दीपांकर साहा, पूर्व अपर निदेशक, सीपीसीबी