विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भीषण गर्मी से रातें भी होने लगीं गर्म, दिल्लीवासियों ने किया तीन वर्षों में सबसे ज्यादा तापमान का अनुभव

By sanjeev Gupta Edited By: Rajesh Kumar
Published: Thu, 10 Apr 2025 06:30 AM (IST)

दिल्ली भीषण गर्मी की चपेट में है जहां दिन के साथ रातें भी गर्म हो गई हैं। बुधवार को न्यूनतम ...और पढ़ें

राजधानी भीषण गर्मी की चपेट में है और न दिन में चैन है और न रात को चैन। फाइल फोटो
राजधानी भीषण गर्मी की चपेट में है और न दिन में चैन है और न रात को चैन। फाइल फोटो

HighLights

  1. बृहस्पतिवार से मौसम बदलने के आसार
  2. 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी भीषण गर्मी की चपेट में है और न दिन में चैन है और न रात को चैन। हर कोई गर्मी और लू से बेहाल है। हालात ऐसे हो गए हैं कि दिन ही नहीं, रातें भी गर्म होने लगी हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मंगलवार रात का तापमान भी तीन साल में अप्रैल में सबसे ज्यादा रहा।

दिल्लीवासियों ने अप्रैल में इस सीजन की पहली गर्म रात पांच इलाकों में झेली। हालांकि, मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार से मौसम में बदलाव और तापमान में कमी आने का अनुमान जताया है।

आज से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है।बादलों की गड़गड़ाहट, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का पूर्वानुमान है। हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी जा सकती है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 और 25 डिग्री रह सकता है। कमोबेश यही स्थिति शुक्रवार को भी रहेगी। मौसम विभाग ने इन दो दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है, लेकिन लू चलने का नहीं बल्कि तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का।

बुधवार को दिल्ली का तापमान 

बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह 2022 के बाद तीन साल में अप्रैल में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। पीतमपुरा में यह 29.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

अधिकतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले दिन से आधा डिग्री कम है। आयानगर में यह सबसे अधिक 40.9 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 73 में से 31 दर्ज किया गया।

मौसम में बदलाव चिंताजनक

गौरतलब है कि अलवर में सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (सीएसई) की ओर से हाल ही में आयोजित तीन दिवसीय पर्यावरण सम्मेलन में विशेषज्ञों ने मौसम में आ रहे इस बदलाव पर चिंता जताई थी।

मौसम एवं जलवायु वैज्ञानिकों ने बताया कि शहरों में बढ़ती आबादी, कंक्रीट के जंगलों का विस्तार और घटते वन क्षेत्र रातों के गर्म होने के लिए जिम्मेदार हैं। ऊंची इमारतों के बीच फंसने के कारण जमीन से पैदा होने वाली गर्मी रात में भी ऊपर नहीं आ पाती। ऊपर से एयर कंडीशनर की गर्मी भी रातों को और गर्म बना रही है।

अगले पांच दिन तक लू नहीं चलेगी

उधर, लगातार तीन दिन तक भीषण गर्मी और लू चलने के बाद मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि गुरुवार से अगले पांच दिन तक लू नहीं चलेगी। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट के भी आसार हैं।

बुधवार को दिल्ली में सर्वाधिक अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान वाले इलाके एवं वहां का तापमान (डिग्री से. में)

चार वर्षों (2022 से 2025) के दौरान अप्रैल का सर्वाधिक अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान (डिग्री से. में)

वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बरकरार

दिल्ली की वायु गुणवत्ता फिलहाल खराब ही चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक बुधवार को दिल्ली का एक्यूआइ 246 यानी खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। एक दिन पहले मंगलवार को यह 243 रहा था। यानी 24 घंटे के भीतर इसमें तीन अंकों की वृद्धि हुई है।

हाल फिलहाल एक्यूआइ इसी श्रेणी में बने रहने की संभावना है। एनसीआर के शहरों में भी यह मध्यम से खराब श्रेणी में ही चल रहा है।

यह भी पढ़ें: Delhi News: दिल्ली में स्कूलों के लिए रैंकिंग सिस्टम शुरू करेगी सरकार, मंत्री आशीष सूद का एलान