Delhi Rains: जलभराव और जाम से जूझी दिल्ली, हादसों में दो बच्चियों समेत सात की मौत
दिल्ली में भारी बारिश के कारण शहर में जलभराव और जाम की स्थिति बन गई जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। जैतपुर में दीवार गिरने से दो बच्चियों सहित सात लोगों की मौत हो गई जबकि सफदरजंग एन्क्लेव में स्कूल की दीवार गिरने से कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पुरानी दिल्ली में एक जर्जर मकान भी गिर गया। आप और कांग्रेस ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधा।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। हर बार की तरह शनिवार को भी वर्षा के बीच दिल्ली जलभराव और जाम से जूझती रही। शुक्रवार रात से हल्की वर्षा की शुरुआत हो गई थी। सुबह होते-होते कई स्थानों पर मध्यम वर्षा शुरू हो गई।
लगातार वर्षा के बीच दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव शुरू हो गया। जखीरा और किशनगंज अंडरपास में इस बार भी पानी भर गया। रक्षाबंधन पर लोगों की सड़क पर आवाजाही अधिक थी।
इस वजह से जगह-जगह जाम भी लगने लगे। लोग इनसे दो-चार हो ही रहे थे कि जैतपुर के एक गांव में एक समाधि स्थल की दीवार ढह गई। इसकी चपेट में आने से दो बच्चियों समेत सात की मौत हो गई।
दीवार की ढहने की दूसरी घटना सफदरजंग एन्क्लेव में सामने आई। यहां ग्रीन फील्ड स्कूल की दीवार ढहने से सात गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। वसंतकुंज स्थित मसूदपुर फ्लाईओवर के पास निर्माणाधीन गोल्डन लाइन मेट्रो का एक हिस्सा धंस गया। आसपास कोई मौजूद नहीं था।
इस वजह से कोई हताहत नहीं हुआ। इसी तरह से पुरानी दिल्ली के फराशखाना इलाके में दो मंजिला जर्जर मकान भी ढह गया। यह मकान खाली पड़ा था। इसके साथ कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। जलभराव और जाम को लेकर आप और कांग्रेस के नेताओं ने दिल्ली सरकार पर निशाना भी साधा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।