Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    दिल्ली-एनसीआर में अगले सात दिन तक जारी रहेगा बारिश का दौर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

    Updated: Mon, 01 Sep 2025 10:30 PM (IST)

    दिल्ली में अगस्त महीने में 15 साल की सबसे अधिक बारिश के बाद सितंबर की शुरुआत भी जोरदार वर्षा से हुई। पूरे दिन रुक-रुक कर वर्षा होती रही जिससे तापमान सामान्य से कम रहा। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक हल्की वर्षा की संभावना जताई है। सोमवार को सबसे अधिक वर्षा नजफगढ़ में 61.0 मिमी दर्ज की गई।

    Hero Image
    अगस्त के बाद सितंबर की शुरुआत भी झमाझम बारिश के साथ हुई। जागरण

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। अगस्त में 15 साल की सर्वाधिक वर्षा का रिकार्ड टूटने के बाद दिल्ली में सितंबर की शुरुआत भी झमाझम वर्षा से हुई। बादलों की लुकाछिपी के बीच दिन भर रुक- रुककर वर्षा होती रही। कहीं हल्की रही तो कहीं मध्यम स्तर की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके चलते तापमान भी सामान्य से नीचे ही दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी सप्ताह भर तक हल्की वर्षा का दौर लगातार जारी रहेगा। बादल भी हर रोज छाए रहेंगे।

    दिन भर जारी रही वर्षा के चलते सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री कम 30.8 डिग्री दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री कम 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 100 से 85 रिकार्ड किया गया।

    जहां तक वर्षा का सवाल है तो सुबह साढ़े आठ से रात साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग पर 25.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। नजफगढ़ में सर्वाधिक 61.0 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। सबसे ज्यादा वर्षा दोपहर ढाई से शाम साढ़े पांच बजे के बीच देखने को मिली।

    तेज वर्षा के कारण आईजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता का स्तर भी प्रभावित हुआ। दोपहर ढाई बजे यहां दृश्यता 2,500 मीटर थी, जो अपराहन तीन बजे तक घटकर 800 मीटर रह गई।

    हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया हुआ था। लेकिन वर्षा की तीव्रता को देखते हुए बीच- बीच में एक दो बार मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया। यह बात अलग है कि इसे जल्द ही वापस भी ले लिया गया।

    स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान व जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि फिलहाल मौसम कर कई प्रणालियां सक्रिय हैं। पश्चिमी विक्षोभ तो सक्रिय है ही, उत्तर भारत में निम्न हवा का दबाव क्षेत्र भी बना है।

    इसके अलावा बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी भी आ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी वर्षा का दौर सप्ताह भर तक ऐसे ही चलता रहेगा।

    मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को भी दिन भर बादल छाए रहेंगे। गरज वाले बादलों के साथ ज्यादातर जगह हल्की वर्षा हो सकती है। कुछ जगह मध्यम स्तर की वर्षा भी होने की संभावना है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 31 और 22 डिग्री होने का अनुमान है।

    उधर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का एक्यूआइ 60 के साथ ''संतोषजनक'' श्रेणी में दर्ज किया गया।

    सोमवार काे सुबह 8:30 से रात 8:30 के दौरान हुई वर्षा 

    • सफदरजंग : 25.0
    • पालम : 43.2
    • लोधी रोड : 16.2
    • रिज क्षेत्र : 8.8
    • आयानगर : 48.9
    • पीतमपुरा : 19.0
    • पूसा : 24.5
    • मयूर विहार : 15.0
    • नजफगढ़ : 61.0
    • जनकपुरी : 7.5

    (नोट: वर्ष मिमी में)

    यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में सालों बाद बारिश ने क्यों मचाया कहर? CEEW की रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा