यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 31, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Pollution: दिल्लीवासियों के लिए राहत की खबर, पहले तीन महीने में मिली 5 सालों की सबसे साफ हवा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का एक्यूआई 160 यानी मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। ...और पढ़ें

HighLights
- जनवरी से मार्च की अवधि के दौरान औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 231
- 2025 में एक भी दिन ऐसा नहीं रहा, जब एक्यूआई 400 को पार गया हो
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में जनवरी से मार्च की अवधि के दौरान औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 231 दर्ज किया गया है, जो पिछले पांच वर्षों में इस तिमाही का सबसे कम है। यह जानकारी सोमवार शाम वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने साझा की।
दिल्ली-एनसीआर के लिए वायु प्रदूषण नियंत्रण योजनाएं तैयार करने वाले सीएक्यूएम ने कहा कि 2025 की जनवरी-मार्च अवधि में पिछले पांच वर्षों में सबसे अच्छी वायु गुणवत्ता देखी गई। इस तिमाही के लिए औसत एक्यूआई 231 था, जबकि 2024 में यह 250, 2023 में 240, 2022 में 241 और 2021 में 278 था।
इस साल कभी भी एक्यूआई 400 के पार नहीं
सीएक्यूएम के मुताबिक पहले तीन माह के दौरान 2025 में एक भी दिन ऐसा नहीं रहा, जब एक्यूआई 400 को पार कर गया हो। 2021 में ऐसे छह दिन, 2022 में एक, 2023 में तीन और 2024 में तीन दिन रहे थे।
36 दिन एक्यूआई 200 के नीचे
इसके विपरीत 2025 की पहली तिमाही के दौरान, दिल्ली में 36 दिन ऐसे थे जब एक्यूआई 200 से नीचे था, जबकि 2021 में ऐसे 13 दिन, 2022 में 27, 2023 में 35 और 2024 में 41 दिन ऐसे थे। सीएक्यूएम के मुताबिक विभिन्न एजेंसियों के प्रयासों के साथ-साथ ही अनुकूल मौसम की स्थिति ने दिल्ली की वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मदद की है।
सोमवार को मध्यम श्रेणी में रहा दिल्ली का एक्यूआई
दिल्ली की वायु गुणवत्ता फिलहाल साफ ही चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का एक्यूआई 160 यानी मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। एक दिन पहले रविवार को यह 138 रहा था। 24 घंटे के भीतर ही इसमें 22 अंकों की वृद्धि देखी गई है। हाल फिलहाल एक्यूआई इसी श्रेणी में बने रहने की संभावना है। एनसीआर के शहरों में भी यह संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में ही चल रहा है।
