तीन फेक फेसबुक आईडी से महिला वकील पर किए जा रहे अश्लील कमेंट, पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की
दिल्ली में एक महिला अधिवक्ता को जालसाजों ने सोशल मीडिया पर बदनाम करने की कोशिश की। फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील टिप्पणियां की गईं। साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता वंदना शर्मा ने बताया कि उनकी छवि खराब करने के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में एक महिला वकील को जालसाजों ने इंटरनेट मीडिया पर बदनाम करने की कोशिश की। वकील का आरोप है कि कुछ जालसाजों ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उनके खिलाफ अश्लील टिप्पणियां कीं।
अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश की। उनकी शिकायत पर मंदिर मार्ग स्थित साइबर थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता बुराड़ी स्थित बंगाली काॅलोनी में परिवार के साथ रहती हैं। वह पेशे से वकील हैं। शिकायत में बताया कि पिछले काफी समय से फेसबुक पर अभद्र भाषा और अश्लील सामग्री पोस्ट की जा रही थी।
इन पोस्ट्स का मकसद उनकी छवि को नुकसान पहुंचाना और उन्हें मानसिक रूप से परेशान करना था। जांच में सामने आया है कि लक्षित भाटिया, भारदवाज भारदवाज और मुकेश कुमार नाम से बनाई गई फर्जी फेसबुक आईडी से यह आपत्तिजनक गतिविधियां की जा रही थीं।
उन्होंने बताया कि इन फर्जी खातों को विनोद और रिशु नामक दो साइबर अपराधी चला रहे हैं, जिनके खिलाफ पहले से ही हिमाचल प्रदेश के खुन्दिआन थाना क्षेत्र में एफआईआर दर्ज हैं।
मंदिर मार्ग साइबर थाना पुलिस ने आईटी एक्ट व संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही फेसबुक से तकनीकी जानकारी मांगी गई है ताकि आरोपितों की डिजिटल लोकेशन का पता लगाया जा सके।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।