विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Stampede : अब भीड़ को ऐसे काबू पाएगी दिल्ली पुलिस , कुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए किए गए खास इंतजाम

By Agency Edited By: Rajesh Kumar
Published: Mon, 17 Feb 2025 12:53 PM (IST)

देशभर के अलग-अलग जिलों से बुलाए गए इन अधिकारियों को देश के सबसे भीड़भाड़ वाले और व्यस्ततम स्टेशनों में से ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस ने भीड़ प्रबंधन के लिए एनडीएलएस में छह अधिकारी तैनात किए। फाइल फोटो
दिल्ली पुलिस ने भीड़ प्रबंधन के लिए एनडीएलएस में छह अधिकारी तैनात किए। फाइल फोटो

HighLights

  1. कई अधिकारी पहले स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) के तौर पर काम कर चुके हैं।
  2. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (NDLS) पर छह इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों को तैनात किया है।

एजेंसी, नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुई घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। दिल्ली पुलिस ने भीड़ प्रबंधन बढ़ाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (NDLS) पर छह इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों को तैनात किया है।

पूर्व में संभाल चुके हैं मोर्चा

बता दें कि अलग-अलग जिलों से बुलाए गए इन अधिकारियों को देश के सबसे भीड़भाड़ वाले और व्यस्ततम स्टेशनों में से एक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर परिचालन संभालने के लिए चुना गया है। क्योंकि ये अधिकारी पहले भी इसी तरह का काम कर चुके हैं। इनमें से कई अधिकारी पहले स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) के तौर पर काम कर चुके हैं।

कुंभ यात्रियों के लिए किया पुख्ता इंतजाम

कुंभ मेले के चलते अधिकारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती रहेगी। भीड़ की आवाजाही को सुचारू बनाने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अधिकारियों को तैनात किया गया है। इन अधिकारियों को खास तौर पर 26 फरवरी को शिवरात्रि के दिन कुंभ के आखिरी प्रमुख स्नान के मद्देनजर तैनात किया गया है।

पांच बच्चों समेत 18 लोगों की मौत

उल्लेखनीय है कि शनिवार रात स्टेशन पर मची भगदड़ में पांच बच्चों समेत कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। यह हादसा प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में सवार होने के लिए यात्रियों की अचानक भीड़ के कारण हुआ।

प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 पर हुई हादसा

यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 को जोड़ने वाले फुट-ओवरब्रिज पर हुई, जहां कुछ यात्री उतरते समय फिसल गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई और यह जानलेवा हादसा हो गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जांच के आदेश दिए हैं और खामियों की जांच के लिए दो सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है।

रविवार को करीब 1.49 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई डुबकी

गौरतलब है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के बाद देशभर के अन्य स्टेशनों पर भी आपातकालीन उपाय लागू कर दिए गए हैं। इस बीच प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं का आना जारी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि रविवार को करीब 1.49 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र स्नान किया।

यह भी पढ़ें: Delhi Railway Station Stampede: भगदड़ के जिम्मेदार अफसरों की खैर नहीं, होगा कड़ा एक्शन; प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद