Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ अभियान शुरू, 1100 से ज्यादा रोल जब्त; 2 आरोपी गिरफ्तार

    Updated: Sun, 29 Jun 2025 08:02 AM (IST)

    स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन से पहले दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच ने कमला मार्केट और उत्तम नगर में छापेमारी कर 1100 से ज्यादा मांझे के रोल बरामद किए। पुलिस ने लोगों से प्रतिबंधित मांझे का उपयोग न करने की अपील की है क्योंकि यह खतरनाक हो सकता है।

    Hero Image
    प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ अभियान शुरू, 1100 से ज्यादा रोल जब्त

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इस बार पतंगबाजी के कारण राजधानी में कोई अप्रिय घटना नहीं घटे इसके मद्देनजर एहतियातन दिल्ली पुलिस ने अभी से अभियान चलाकर प्रतिबंधित मांझा बेचने, बनाने व भंडारण करने वालों की धर पकड़ शुरू कर दी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    क्राइम ब्रांच ने दो दिनों में दो अलग-अलग जगहों पर छापा मार प्रतिबंधित मांझे के 1,100 से ज्यादा रोल बरामद किए। पहली कार्रवाई 26 जून को कमला मार्केट और दूसरी कार्रवाई 27 जून को जीवन पार्क, उत्तम नगर में की गई। दोनों ही मामले में क्राइम ब्रांच ने दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है।

    डीसीपी विक्रम सिंह के मुताबिक आगामी स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन के मद्देनजर दिल्ली-एनसीआर में खतरनाक प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और खरीद के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया है। नायलान से बनी यह पतंगबाजी कई लोगों, पक्षियों और जानवरों के लिए घातक साबित होती है।

    पहले मामले में क्राइम ब्रांच ने राजू चौरसिया को गिरफ्तार किया। वह गली नंबर छह, सोम बाजार रोड, जीवन पार्क, उत्तम नगर का रहने वाला है। उसकी दुकान व गोदाम से प्रतिबंधित मांझे के 922 रोल बरामद किए।

    प्रतिबंधित मांझे के इस्तेमाल से हुई कई घटनाओं के बाद क्राइम ब्रांच ने दिल्ली-एनसीआर में निगरानी बढ़ा दी है। उत्तम नगर में नायलान आधारित मांझे की अवैध बिक्री के बारे में हवलदार मोहित कुमार को सूचना मिली थी। जिसके बाद सीपी यशपाल सिंह व इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जीवन पार्क, उत्तम नगर में से राजू चौरसिया को पकड़ लिया।

    जांच से पता चला कि वह प्रतिबंधित मांझे को आफलाइन दुकानदारों को और आनलाइन फेसबुक जैसे इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के जरिए बेच रहा था। इसके खिलाफ प्रतिबंधित मांझा बेचने के पहले के दो मामले दर्ज हैं।

    दूसरे मामले में क्राइम ब्रांच ने अरीब खान को गिरफ्तार किया। वह दरियागंज का रहने वाला है। उसके कब्जे से प्रतिबंधित मांझे के 248 रोल बरामद किए गए। एसआइ बीरपाल सिंह को मध्य दिल्ली में नायलान आधारित चीनी मांझे की अवैध बिक्री व खरीद के बारे में जानकारी मिली।

    इस इनपुट के आधार पर एसीपी पंकज अरोड़ा व इंस्पेक्टर सुनील कुमार कालखंडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रामलीला ग्राउंड के पास कमला मार्केट से अरीब खान को 248 रोल से भरे चार बड़े कार्टन ले जाते हुए पकड़ लिया गया। 

    पुलिस की अपील

    दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में पतंग उड़ाने के लिए प्रतिबंधित मांझा (नायलान पतंग डोरी) का उपयोग न करें। प्रतिबंधित डोरी बेहद खतरनाक होते हैं। इनसे इंसानों, पक्षियों और जानवरों को घातक चोटें लगी हैं। तेज, गैर-बायोडिग्रेडेबल धागा गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है।