यूपी के मोहम्मद साेहिल ने दिल्ली की लड़की का किया शारीरिक शोषण, अश्लील वीडियो बना इंस्टाग्राम पर डाला, गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने आनंद पर्वत थाने में विवाह का झांसा देकर यौन शोषण करने वाले मोहम्मद सोहिल उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया था। पुलिस ने सीडीआर और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी को बदायूं से गिरफ्तार किया और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए। पुलिस इस मामले में लव जिहाद के पहलू से भी जांच कर रही है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के आनंद पर्वत थाने ने विवाह का झांसा देकर यौन शोषण करने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने न केवल पीड़िता का शोषण किया बल्कि बिना सहमति के उसका अंतरंग वीडियो रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम पर अपलोड भी कर दिया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) विश्लेषण और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी को धर दबोचा और अपराध से संबंधित डिजिटल साक्ष्य बरामद किए। पुलिस इस मामले में लव जिहाद के एंगिल से भी जांच कर रही है।
विवाह का झूठा वादा
बीते 26 जून को 24 वर्षीय पीड़िता दामिनी (काल्पनिक नाम) ने आनंद पर्वत थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया था कि मोहम्मद सोहिल उर्फ सोनू ने विवाह का वादा करके उसके साथ यौन संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी ने गुप्त रूप से अंतरंग वीडियो रिकॉर्ड किए और उन्हें इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। इस शिकायत के आधार पर, पुलिस ने बीएनएस की धारा 69/115(2)/351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बनाई विशेष जांच टीम
मामले की जांच के लिए आनंद पर्वत थाने के एसएचओ की देखरेख में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। इस टीम ने अत्यंत सावधानी और तकनीकी विशेषज्ञता के साथ जांच को आगे बढ़ाया। सीडीआर विश्लेषण और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपित की लोकेशन का पता लगाया। गहन छानबीन के बाद 26 वर्षीय मोहम्मद सोहिल उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया। वह उत्तर प्रदेश के बदायूं का निवासी है।
पूरी प्लानिंग से किया अपराध
जांच में सामने आया कि आरोपी का अपराध करने का तरीका सुनियोजित था। उसने पीड़िता को विवाह का झांसा देकर उसका विश्वास जीता और फिर यौन शोषण किया। इसके बाद उसने पीड़िता के अंतरंग पलों को गुप्त रूप से रिकॉर्ड किया और बिना सहमति के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। पुलिस ने इस अपराध से जुड़े डिजिटल साक्ष्य, जैसे वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री बरामद कर ली है।
गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से अपराध से संबंधित डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अपराध में कोई अन्य सहयोगी शामिल तो नहीं था। जांच दल अन्य संभावित संदिग्धों की तलाश में गहन छानबीन कर रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।