Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi NCR Flood News: राजधानी में विकराल हुई यमुना, सिविल लाइंस और दिल्ली सचिवालय के पास पहुंचा पानी

    Updated: Thu, 04 Sep 2025 08:35 AM (IST)

    Delhi NCR Flood News दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है जिससे खादर क्षेत्र में बाढ़ आ गई है। सिविल लाइंस और दिल्ली सचिवालय के पास पानी पहुंच गया है। राजघाट से कश्मीरी गेट के साथ ही कई रास्तों पर आवाजाही रोक दी गई है। फरीदाबाद सोनीपत पलवल गाजियाबाद और नोएडा में भी अलर्ट जारी किया गया है।

    Hero Image
    कश्मीरी गेट के पास यमुना से सटी मोनेस्ट्री मार्केट में पानी भरने के कारण सुरक्षित स्थान पर जाता परिवार।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। Delhi NCR Flood News : हरियाणा के हथनी कुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना नदी विकराल रूप धारण करती जा रही है। तीन दिनों से नदी खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर बह रही है और बुधवार रात को जलस्तर 207.43 मीटर तक पहुंच गया। इससे पूरे खादर क्षेत्र में पानी भर गया है और यमुना बाजार में आठ फुट तक पानी भर गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रिंग रोड सिविल लाइंस क्षेत्र, दिल्ली सचिवालय के पास और कश्मीरी गेट आइएसबीटी के नजदीक तक भी पानी पहुंच गया है। सिविल लाइंस में जहां तक पानी पहुंचा है, वहां से एलजी और सीएम आवास दो किलोमीटर दूर है।

    अक्षरधाम मंदिर के पास भरा यमुना का पानी। 

    यमुना में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राजघाट से कश्मीरी गेट के साथ ही वजीराबाद-सिग्नेचर ब्रिज व चंदगी राम अखाड़ा-आइपी कॉलेज रेड लाइट सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है और निगम बोध घाट को भी बंद कर दिया गया है।

    यमुना में बढ़े जलस्तर के बीच यमुना पुल से गुजतरी मेट्रो तथा बीच में जलमग्न हुआ बाबा बालक नाथ का मंदिर। फोटो- ध्रुव कुमार

    पुराना लोहा पुल से आवाजाही मंगलवार शाम को ही बंद कर दी गई थी। बुधवार सुबह इस पुल से ट्रेनों की आवाजाही भी रोक दी गई। रात में यहां का जलस्तर 207.43 मीटर तक पहुंच गया था। हथनी कुंड से सोमवार को प्रति घंटे 3.29 और मंगलवार को दो लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद बुधवार को भी 1.75 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

    रिंग रोड सिविल लाइंस क्षेत्र की सर्विस लेन में भरा यमुना का पानी। ध्रुव कुमार

    एक क्यूसेक प्रति सेकंड एक घन फुट पानी के प्रवाह को मापता है, जो लगभग 28.317 लीटर प्रति सेकंड के बराबर होता है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हथनी कुंड बैराज से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण वजीराबाद बैराज से भी अधिक पानी छोड़ना पड़ रहा है। इसलिए लोहा पुल के पास जलस्तर बढ़ रहा है।

    फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। एहतियातन राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जगह-जगह एनडीआरएफ तैनात कर दी गई हैं। इससे पहले जुलाई-2023 व 1978 में ही यमुना में इतना उफान देखा गया था।

    फरीदाबाद के बसंतपुर गांव में 300 घरों में घुसा पानी

    • सोनीपत में यमुना नदी के पास फसलें जलमग्न हो गई हैं। कटाव से फसलों को नुकसान हुआ है।
    • फरीदाबाद के बसंतपुर गांव के 300 घरों में पानी घुस गया है। प्रशासन ने 70 लोगों का रेस्क्यू किया है। फरीदाबाद के 12 गांवों को संवेदनशील घोषित कर दिया गया है।
    • पलवल के इंदिरा नगर और मोहबलीपुर गांव को खाली करा लिया गया है। आठ स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। प्रशासन ने 20 गांवों के लिए अलर्ट जारी किया है।
    • गाजियाबाद: लोनी क्षेत्र में यमुना खादर क्षेत्र में घरों में पानी घुस गया है। लोग पुश्ते पर तिरपाल लगाकर गुजारा कर रहे हैं। हरनंदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है। झुप्पा गांव के पास जिला प्रशासन ने 150 परिवारों को नदी क्षेत्र से बाहर निकाला।
    • नोएडा: यमुना के किनारे बने फार्म हाउस में रहने वाले करीब पांच हजार लोगों को प्रशासन ने सकुशल सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है। गौतमबुद्ध नगर जिले में 19 बाढ़ चौकियों से जलस्तर की निगरानी की जा रही है। ग्रेटर नोएडा में भी नदी का जलस्तर 200.20 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 200.60 मीटर से मात्र 0.40 मीटर नीचे है।

    यह भी पढ़ें- Delhi Flood Alert: दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात, हजारों लोग हुए बेघर; NDRF की टीमों ने संभाला मोर्चा

    यह भी पढ़ें- Yamuna Flood: एक तो बारिश ऊपर से हरियाणा का पानी, दिल्ली के किसानों के लिए दोहरी मुसीबत

    comedy show banner
    comedy show banner