विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 14, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

एमसीडी चुनाव में EVM का होगा इस्तेमाल, 22 अप्रैल को वोटिंग, 25 को मतगणना

By Amit MishraEdited By:
Published: Tue, 14 Mar 2017 05:09 PM (IST)Updated: Wed, 15 Mar 2017 07:27 AM (IST)

दिल्ली में तीनों नगर निगम की 272 सीटों के लिए 22 अप्रैल को मतदान होगा। मतगणना के लिए 25 अप्रैल की तारीख निर्धारित की गई है।

एमसीडी चुनाव में EVM का होगा इस्तेमाल, 22 अप्रैल को वोटिंग, 25 को मतगणना
एमसीडी चुनाव में EVM का होगा इस्तेमाल, 22 अप्रैल को वोटिंग, 25 को मतगणना

नई दिल्ली [जेएनएन]। पांच राज्यों के चुनाव खत्म होने के बाद अब दिल्ली में सियासी पारा चढ़ने वाला है। तमाम राजनीतिक सरगर्मियों के बीच दिल्ली में नगर निगम चुनाव की तारीखों का एलान हो गया है। दिल्ली में तीनों नगर निगम की 272 सीटों के लिए 22 अप्रैल को मतदान होगा। मतगणना के लिए 25 अप्रैल की तारीख निर्धारित की गई है।

निगम चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही अचार संहिता लागू हो गई है। नोटिफीकेशन 27 मार्च को होगा और 3 अप्रैल को नॉमिनेशन की अंतिम तारीख होगी। 8 अप्रैल नॉमिनेशन वापस लेने की तारीख है। उम्मीदवारों को चुनाव में 5 लाख 75 हजार रुपए खर्च करने की सीमा है। 42 वार्ड उत्तर, 45 वार्ड दक्षिण, 27 वार्ड पूर्वी नगर निगम के महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे।

EVM में गड़बड़ी की खबरों के बीच राज्य चुनाव आयोग के अधिकारी एस के श्रीवास्तव ने साफ कर दिया है कि दिल्ली में होने वाले नगर निगम चुनाव में EVM का उपयोग किया जाएगा। EVM मशीन पर उम्मीदवारों के फोटो भी लगे होंगे। EVM मशीन की पहले चरण की जांच हो चुकी है। 

दिल्ली में नगर निगम (MCD) को 2012 में तीन अलग निगमों में बांटा गया था। इन निगमों में 272 वार्ड हैं।दिल्ली में पिछले निगम चुनाव तक कांग्रेस और भाजपा के बीट सीधी टक्कर रही है लेकिन इस बार अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) के भी मैदान में होने से इस चुनाव का महत्व बढ़ गया है।

यह भी पढ़ें: EVM को लेकर विरोध बढ़ा, SP-AAP समेत आधा दर्जन दलों ने उठाए सवाल

बता दें कि दिल्ली में नगर निगम पर पिछले एक दशक से भारतीय जनता पार्टी का शासन है और पार्टी भ्रष्टाचार और अक्षमता जैसे आरोपों का सामना कर रही है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपना परचम लहराने वाली आम आदमी पार्टी के लिए आगामी चुनाव एक बड़ी परीक्षा होंगे क्योंकि वह राष्ट्रीय राजधानी की अथॉरिटी और गवर्नेंस को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार से कई बार भिड़ चुकी है।

कांग्रेस को पिछले वर्ष हुए निगम के उप चुनावों में अच्छी सफलता मिली थी और पार्टी के वोट शेयर में भी पिछले विधानसभा चुनाव के बाद से अच्छी बढ़ोतरी हुई है। इसके मद्देनजर पार्टी आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर राजधानी की राजनीति में अपना आधार फिर से मजबूत करने की कोशिश करेगी।

यह भी पढ़ें: 'EVM पर भरोसा नहीं तो दिल्ली में 67 सीटों पर फिर वोटिंग करा लें केजरीवाल'

एक नजर नई मतदाता सूची पर (10 जनवरी 2017 तक अपडेट)
-कुल जनसंख्या : 1,87,58,073
-कुल मतदाता : 1,34,70,263
-पुरुष मतदाता : 74,63,732
-महिला मतदाता : 60,05,702
-किन्नर मतदाता : 829