Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अगले वर्ष तक दिल्ली से मुंबई के बीच 160 की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन, सिर्फ 12 घंटे का होगा सफर

    Updated: Sat, 09 Aug 2025 10:24 PM (IST)

    नई दिल्ली-मुंबई रेलखंड पर ट्रेनों की गति 160 किमी प्रति घंटा करने की योजना है जिसके लिए ट्रैक में सुधार किया जा रहा है। अगले वर्ष मार्च तक कार्य पूरा होने पर दिल्ली-मुंबई की यात्रा 12 घंटे में हो जाएगी। नई दिल्ली-फरीदाबाद खंड में 2x25 केवी एटी फीडिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। ट्रैक को कवच से सुरक्षित किया जा रहा है।

    Hero Image
    दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक को हाई स्पीड बनाने के लिए किया जा रहा सुधार।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मिशन रफ्तार के अंतर्गत अलग-अलग रेलखंड की गति क्षमता बढ़ाई जा रही है। नई दिल्ली-मुंबई रेलखंड पर 160 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से ट्रेन चलाने की योजना है।

    इसके लिए ट्रैक में आवश्यक बदलाव और अन्य तकनीकी काम चल रहा है। अगले वर्ष मार्च तक इसे पूरा किया जाना है। इसके बाद दिल्ली से मुंबई की यात्रा 12 घंटे में हो सकेगा।

    इस रेलखंड पर नई दिल्ली से पलवल का हिस्सा उत्तर रेलवे के अंतर्गत आता है। इस हिस्से की गति क्षमता बढ़ाने के लिए अधिकांश कार्य पूरा हो गया है। ओवर हेड इलेक्ट्रिक उपकरण (ओएचई) में बदलाव का काम किया जाना है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अंतर्गत नई दिल्ली-फरीदाबाद खंड में 2x25 केवी एटी फीडिंग सिस्टम का काम चल रहा है।

    यह पुरानी 1x25 केवी प्रणाली की तुलना में बेहतर वोल्टेज प्रोफाइल और उच्च परिचालन लाभ प्रदान करती है। इससे अधिक स्थिर बिजली आपूर्ति होती है जिससे ट्रेनें अधिक कुशलता से चलती हैं।

    यह प्रणाली विशेष रूप से उच्च गति रेल लाइन के लिए उपयुक्त हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार अन्य क्षेत्रीय रेलवे में भी तेजी से काम चल रहा है।

    सुरक्षित ट्रेन परिचालन के लिए ट्रैक को कवच से सुसज्जित किया जा रहा है। बेसहारा पशुओं से होने वाली दुर्घटना को रोकने के लिए ट्रैक के दोनों तरफ दीवार बनाई जा रही है।

    दिल्ली से मुंबई के बीच अभी सबसे कम समय में नई दिल्ली-मुंबई राजधानी 15.32 घंटे में पहुंचती है। ट्रैक की गति क्षमता बढ़ने से यह दूरी लगभग 12 घंटे तय होगी। इसके साथ ही इस रूट पर वंदे भारत स्लीपर चलने की भी उम्मीद है।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में भारी बारिश का असर हवाई उड़ानों पर, IGI एयरपोर्ट से 300 से अधिक फ्लाइट्स में हुई देरी