Delhi: मायापुरी थाने के ASI शंभु दयाल की इलाज के दौरान मौत, झपटमार ने चाकू से वार कर किया था घायल
Delhi Crime News घटना बुधवार दिन में चार बजे की है। इस मामले में एक महिला ने थाना पहुंचकर पुलिस को बताया कि उनके पति से बदमाश ने मोबाइल झपट लिया है। थाने में यह मामला शंभु दयाल को सौंपा गया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददता। मायापुरी थाने के घायल एएसआई शंभु दयाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। वह झपटमार के आरोपित द्वारा चाकू के वार से घायल हुए थे। उन्हें इलाज के लिए करोलबाग स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बता दें कि आरोपित ने इन पर तब वार किया था जब उसे पकड़कर थाना ला रहे थे। वह राजस्थान के सीकर के रहने वाले थे। उनका अंतिम संस्कार तहसील नीम का थाना के गांव गवली बिहारीपुर किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला-
मायापुरी थाना क्षेत्र में झपटमारी के एक आरोपित ने दिल्ली पुलिस के एएसआई पर चाकू से वार करके उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल एएसआई का नाम शंभु दयाल है। पुलिस ने आरोपित अनीस को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में प्राथमिकी की गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार दिन में चार बजे की है। इस मामले में एक महिला ने थाना पहुंचकर पुलिस को बताया कि उनके पति से बदमाश ने मोबाइल झपट लिया है। थाने में यह मामला शंभु दयाल को सौंपा गया। वे महिला को साथ में लेकर उनके कहे अनुसार दिल्ली रेवाड़ी रेलवे लाइन की ओर गए। यहां झुग्गियों में महिला ने आरोपित को पहचान लिया।
पलक झपकते ही शंभु ने उसे पकड़ लिया और उसे थाने ले जाने लगे। आरोप है कि उसने अपने पास चाकू छिपाया हुआ था। थाने के नजदीक मौका मिलते ही उसने अचानक चाकू निकाला और शंभु पर वार करने लगा। उनके पेट, कमर, गर्दन सहित कई जगह चाकू से वार किया गया। तभी स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आरोपित को काबू किया गया। शंभु करोलबाग स्थित निजी अस्पताल में भर्ती थे।