दिल्ली सरकार ने मजदूरों को दिया तोहफा, मजदूरी दरों में बढ़ोतरी का एलान, इस दिन से लागू होंगी नई दरें
दिल्ली सरकार ने मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी दरों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। यह नई दरें 1 अप्रैल 2025 से लागू होंगी। अकुशल श्रमिकों का मासिक वेतन 18456 रुपये और स्नातक श्रमिकों का 24356 रुपये होगा। इस वृद्धि का उद्देश्य महंगाई से राहत दिलाना है जिससे श्रमिकों को आर्थिक रूप से मदद मिलेगी। इनमें अकुशल अर्ध-कुशल और कुशल श्रमिक शामिल हैं।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की भाजपा सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में काम करने वाले श्रमिकों के लिए बड़ा फैसला लिया है। सभी श्रेणियों के श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी दरों में बढ़ोतरी की घोषणा की गई है। नई दरें एक अप्रैल 2025 से लागू होंगी।
अब अकुशल श्रमिकों का मासिक वेतन 18,456 रुपये होगा। वहीं, स्नातक और उससे अधिक योग्यता वाले श्रमिकों को 24,356 रुपये प्रति माह मिलेंगे।
दिल्ली सरकार का कहना है कि न्यूनतम मजदूरी दरों में यह वृद्धि महंगाई को ध्यान में रखते हुए की गई है, जिससे श्रमिकों को आर्थिक राहत मिलेगी।
वेतन में यह वृद्धि न केवल महंगाई दर को बेअसर करेगी बल्कि दिल्ली में काम करने वाले बड़ी संख्या में श्रमिकों को राहत भी प्रदान करेगी। दिल्ली सरकार ने छह अलग-अलग प्रकार के श्रमिकों की मजदूरी दरों में वृद्धि की है। इनमें अकुशल, अर्ध-कुशल और कुशल श्रमिक शामिल हैं।
मजदूरी दरों में इजाफे से किस श्रेणी में होगा कितना फायदा
- अकुशल श्रमिकों को अब तक 18066 रुपये मिलते थे। अब उन्हें 18456 रुपये मिलेंगे। यानी उनके वेतन में 390 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
- अर्ध-अकुशल श्रमिकों को पहले 19929 रुपये मिलते थे। अब उन्हें 20371 रुपये मिलेंगे। उनके वेतन में 442 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
- कुशल श्रमिकों को अब तक 21917 रुपये मिलते थे। अब उनका वेतन 22411 रुपये होगा। यानी उनके वेतन में 494 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
- जो श्रमिक मैट्रिक पास नहीं हैं, उन्हें पहले 19929 रुपये मिलते थे। अब उन्हें 20371 रुपये मिलेंगे।
- जो श्रमिक मैट्रिक पास हैं, लेकिन स्नातक नहीं हैं, उन्हें पहले 21917 रुपये मिलते थे। अब उन्हें 22411 रुपये मिलेंगे।
- जो श्रमिक स्नातक या उससे अधिक शिक्षित हैं, उन्हें अब तक 23836 रुपये मिलते थे। अब उन्हें 24356 रुपए मिलेंगे। इस तरह सभी वर्ग के श्रमिकों की मजदूरी में बढ़ोतरी की गई है।
यह भी पढ़ें: Delhi Waterlogging: क्या दिल्ली वालों को मानसून में जलभराव से मिलेगी राहत? MCD ने बनाया ये प्लान
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।