Delhi Weather: आसमान से बरस रही आग, सीजन का सबसे गर्म दिन रहा सोमवार; दिल्लीवालों को महसूस हुई 49 डिग्री की गर्मी
दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है जिससे लोगों का हाल बेहाल है। सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया और आयानगर में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इसी तरह की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है। प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया है जिसका मुख्य कारण ओजोन है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी के बीच दिल्ली वासियों का हाल बेहाल है। सोमवार को आरेंज अलर्ट के बीच ज्यादातर इलाकों में दिन का तापमान 43 या 44 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।
आयानगर में चली लू
आयानगर तापमान सर्वाधिक रिकॉर्ड किया गया और वहां लू भी चली। सोमवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन भी दर्ज किया गया। अगले तीन भी कमाेबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा। यानी गर्मी की चुभन हाल फिलहाल कम नहीं होगी।
30 किमी रफ्तार से चलीं गर्म हवाएं
चिलचिलाती धूप के बीच सोमवार को भी 20 से 30 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार वाली गर्म हवा ने भी घर- दफ्तर में बाहर निकलने पर मानो पाबंदी लगा दी हो। लालबत्ती पर खड़े दोपहिया वाहन चालकों की स्थिति तो और भी दयनीय थी। धूप सुबह से ही तेज निकल गई थी, जो दिन चढ़ने के साथ साथ और तीखी होती गई।
दिल्ली वालों ने 49 डिग्री की उमस भरी गर्मी झेली
इन्हीं सब हालातों के बीच सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक 43.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह इस सीजन का अभी तक का सर्वाधिक है। इस पर भी हीट इंडेक्स 48.9 डिग्री दर्ज हुआ। यानी दिल्ली वालों ने दिन भर 49 डिग्री की उमस भरी गर्मी झेली।
न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 70 से 25 प्रतिशत रहा। 45.3 डिग्री के साथ आयानगर दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को भी आसमान साफ रहेगा। 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी गर्म हवा चलेगी। कहीं कहीं लू भी चलने का पूर्वानुमान है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री तो न्यूनतम 29 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।
सोमवार को दिल्ली में ज्यादातर जगह 40 डिग्री से ऊपर ही रहा अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
स्थान अधिकतम न्यूनतम
- सफदरजंग 43.4 27.6
- पालम 44.3 29.0
- लोधी रोड 43.3 25.6
- रिज 44.9 25.9
- आयानगर 45.3 28.0
- राजघाट 41.5 30.2
- पूसा 41.8 26.7
- नजफगढ़ 42.4 28.9
- पीतमपुरा 31.5 ---
- मयूर विहार 41.7 28.2
प्रदूषण के स्तर में भी वृद्धि, मुख्य कारक ओजोन
दिल्ली में गर्मी बढ़ने के साथ ही प्रदूषण के स्तर में भी वृद्धि हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का एक्यूआई 235 रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले रविवार को यह 198 यानी मध्यम श्रेणी में दर्ज हुआ था।
मतलब, 24 घंटे में 37 अंकों की वृद्धि हुई है। परेशानी की बात है कि प्रदूषण का मुख्य कारक इस समय साफ आसमान और तेज धूच के चलते ओजोन के कण रहे हैं। पता हो कि ओजोन के कणों को स्वास्थ्य के लिए बेहद खराब माना जाता है। अगले दो तीन दिनों के बीच वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।